मातंगी रबर IPO: दो ग्राहकों के भरोसे कारोबार, ट्यूबलेस टायर से भी चुनौती

Matangi Rubber Limited IPO: कर्ज चुकाने और नई फैक्ट्रियां लगाने के लिए मातंगी रबर जुटाएगी 125 करोड़ रुपये, लेकिन कारोबार की 85 फीसदी कमाई सिर्फ दो ग्राहकों से है; बदलती तकनीक भी बन सकती है परेशानी।
Matangi Rubber Limited IPO review
मातंगी रबर आईपीओ रिव्यू(सोर्स- डिजाइन फोटो/ नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मातंगी रबर लिमिटेड 125 करोड़ रुपये का IPO लेकर आ रही है।

  • कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर का मूल्य दायरा 163 से 172 रुपये रखा है।

  • यह पब्लिक इश्यू निवेश के लिए 1 दिसंबर से 3 दिसंबर 2026 तक खुला रहेगा।

Matangi Rubber Limited IPO Review: शेयर बाजार में निवेशकों के सामने एक और IPO दस्तक देने जा रहा है। दिल्ली के मोहित गुप्ता परिवार द्वारा प्रमोटर मातंगी रबर लिमिटेड का 125.16 करोड़ रुपये का IPO एक दिसंबर को खुलेगा और तीन दिसंबर 2026 को बंद होगा। कंपनी का कारोबार टायर, टायर ट्यूब, टायर फ्लैप और रबर कंपाउंड बनाने का है।

पहली नजर में कंपनी का कारोबार भले ही स्थापित और विविध दिखाई देता हो, लेकिन इसके RHP में दर्ज कुछ जोखिम ऐसे हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना निवेशकों के लिए महंगा पड़ सकता है।

Matangi Rubber IPO का प्राइस बैंड

कंपनी ने IPO के लिए 163 से 172 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 492 करोड़ रुपये होगा। 125.16 करोड़ रुपये के इस इश्यू में 99.10 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 26.06 करोड़ रुपये का OFS शामिल है। यानी IPO से मिलने वाली पूरी रकम कंपनी के कारोबार में नहीं जाएगी। OFS के जरिए बेचने वाले शेयरधारकों को भी इसका हिस्सा मिलेगा। एक लॉट में 87 शेयर होंगे।

दो ग्राहकों पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता

मातंगी रबर के कारोबार की सबसे बड़ी चिंता ग्राहकों का सीमित दायरा है। कंपनी के पिछले तीन वर्षों के कुल कारोबार में करीब 85 फीसदी हिस्सेदारी केवल दो ग्राहकों जेके टायर और बिड़ला टायर की रही है। कंपनी के लिए जेके टायर के साथ पुराना कारोबारी संबंध निश्चित रूप से एक मजबूती है।

Matangi Rubber Limited IPO review
Crystal Crop Protection IPO: इन म्यूचुअल फंडों ने रिटेल निवेशकों का पैसा दांव पर क्यों लगाया?

लेकिन सवाल यह है कि अगर इन दो ग्राहकों में से किसी ने ऑर्डर घटाए या किसी दूसरे सप्लायर का रुख किया तो कंपनी के कारोबार पर कितना असर पड़ेगा? ग्राहकों पर इतनी अधिक निर्भरता कंपनी की मोलभाव करने की क्षमता को भी सीमित कर सकती है।

कंपनी के पास 5 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट

कंपनी के पास देहरादून, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु में5 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं। यहां दोपहिया और तिपहिया वाहनों के टायर, ट्यूब, टायर फ्लैप और रबर कंपाउंड बनाए जाते हैं। कंपनी अपने ब्रांड के तहत ट्यूब बेचने के अलावा बड़े टायर निर्माताओं के लिए कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग और जॉब वर्क भी करती है। 30 जून 2026 तक कंपनी में 285 कर्मचारी कार्यरत थे।

पुरानी तकनीक के कारोबार पर कितना भरोसा?

कंपनी के सामने दूसरी बड़ी चुनौती टायर उद्योग में बदलती तकनीक है। पारंपरिक ट्यूब वाले टायरों की जगह धीरे-धीरे ट्यूबलेस टायर ले रहे हैं। ट्यूबलेस टायरों में अलग से ट्यूब और फ्लैप की जरूरत नहीं होती। बेहतर ईंधन दक्षता, कम रखरखाव और ग्राहकों की बदलती पसंद के कारण इस दिशा में बदलाव आ रहा है।

ऐसे में सवाल उठता है कि आने वाले वर्षों में टायर ट्यूब और फ्लैप की मांग कितनी टिकाऊ रहेगी? कंपनी का मौजूदा कारोबार इस बदलाव से कितना प्रभावित होगा, इसका आकलन निवेशकों को जरूर करना चाहिए।

कर्ज चुकाने के साथ नए कारोबार में भी निवेश

कंपनी IPO से मिलने वाली फ्रेश इश्यू की 99.10 करोड़ रुपये की रकम में से 45 करोड़ रुपये पुराने कर्ज के भुगतान या पूर्व भुगतान में खर्च करेगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश के भिंड में रबर रिसाइक्लिंग उत्पादों की नई फैक्ट्री के लिए 19 करोड़ रुपये और सॉलिड टायर निर्माण इकाई के लिए 8.44 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। यानी कंपनी एक तरफ कर्ज का बोझ घटाकर लाभप्रदता बढ़ाना चाहती है, वहीं दूसरी तरफ नए कारोबार में भी कदम बढ़ा रही है।

वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल आय 132.22 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 22.33 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान कंपनी पर 109 करोड़ रुपये का कुल कर्ज था। वित्त वर्ष 2025-26 के आधार पर IPO का पोस्ट-इश्यू P/E करीब 22 गुना बैठता है। वहीं 30 जून 2026 तक के तीन महीनों में कंपनी ने 47.93 करोड़ रुपये की आय पर 6.42 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है।

निवेश से पहले इन तथ्यों पर गौर करना जरूरी

172 रुपये के ऊपरी मूल्य पर कंपनी का पोस्ट-इश्यू P/E करीब 22 गुना है। यह मूल्यांकन अपने आप में बहुत सस्ता नहीं कहा जा सकता, खासकर तब जब कारोबार का बड़ा हिस्सा केवल दो ग्राहकों पर निर्भर हो और कंपनी के प्रमुख उत्पादों के सामने तकनीकी बदलाव की चुनौती हो।

कंपनी का स्थापित मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क, जेके टायर के साथ कारोबारी संबंध और नए उत्पादों में विस्तार की योजना सकारात्मक पहलू हैं, लेकिन निवेशकों को यह भी देखना होगा कि नए संयंत्रों से वास्तव में कितनी कमाई होगी और क्या कंपनी अपने ग्राहक आधार का विस्तार कर पाएगी।

Matangi Rubber Limited IPO review
फूड लिंक F&B का IPO: शाही दावत का कारोबार, लेकिन मुनाफे का जायका फीका!

फिलहाल मातंगी रबर का IPO केवल विस्तार की कहानी नहीं, बल्कि ग्राहक निर्भरता, तकनीकी बदलाव और कर्ज के बीच कारोबार की स्थिरता की परीक्षा भी है।