फूड लिंक F&B का 361 करोड़ का IPO: कारोबार में अच्छी पहचान, पर पहली छमाही में घाटा और 41 गुना P/E पर इश्यू

Foodlink F&B Holding Limited IPO: लग्जरी कैटरिंग के कारोबार में फूड लिंक जाना-पहचाना नाम है, लेकिन कंपनी की चमकदार कारोबारी तस्वीर के साथ उसके मुनाफे का हिसाब भी देखना जरूरी है।
Foodlink F&B Holding Limited IPO Review
फूड लिंक F&B होल्डिंग्स (इंडिया) लिमिटेड आईपीओ(सोर्स- डिजाइन फोटो/ नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • फूड लिंक F&B होल्डिंग्स (इंडिया) 361 करोड़ रुपये का IPO लेकर आ रही है।

  • कंपनी ने ₹2 फेस वैल्यू वाले शेयर का मूल्य दायरा 181 से 191 रुपये रखा है।

  • यह पब्लिक इश्यू निवेश के लिए 26 से 30 नवंबर 2026 तक खुला रहेगा।

Foodlink F&B Holding Limited IPO Review: शादी-ब्याह की शाही दावतें हों, बड़े खेल आयोजन या कॉरपोरेट समारोह, फूड लिंक F&B होल्डिंग्स (इंडिया) लिमिटेड का नाम लग्जरी कैटरिंग के कारोबार में जाना-पहचाना है। कंपनी ने इस क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है और भारत के साथ विदेशों में भी कारोबार फैलाया है। अब कंपनी 361 करोड़ रुपये का IPO लेकर आ रही है।

लेकिन कंपनी की चमकदार कारोबारी तस्वीर के साथ उसके मुनाफे का हिसाब भी देखना जरूरी है। खासकर तब, जब चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी को 16.15 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।

निवेश के लिए कब खुल रहा है फूड लिंक का IPO?

फूड लिंक का IPO 26 से 30 नवंबर 2026 तक निवेश के लिए खुला रहेगा। शेयर का प्राइस बैंड 181 से 191 रुपये रखा गया है। दो रुपये फेस वैल्यू वाले शेयरों के लिए न्यूनतम आवेदन 78 शेयरों का होगा। इश्यू में 192 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 169 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। यानी करीब 47 फीसदी हिस्सा मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी बेचने से आएगा। अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का पोस्ट-IPO मार्केट कैप 1,191 करोड़ रुपये होगा।

फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम में 21.40 करोड़ रुपये नया केंद्रीयकृत किचन बनाने, 41.50 करोड़ रुपये दो बैंक्वेट्स के निर्माण, 50.81 करोड़ रुपये सब्सिडियरी PGRCS में निवेश और 21 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में लगाए जाएंगे। बाकी रकम सामान्य कारोबारी जरूरतों पर खर्च होगी।

लग्जरी कैटरिंग से लेकर बड़े आयोजनों तक पहुंच

मुंबई की इस कंपनी के प्रमोटर संजय मनोहर वजीरानी हैं। कंपनी का कारोबार तीन हिस्सों में बंटा है- इवेंट्स कैटरिंग, रेस्टोरेंट और क्लाउड किचन तथा बैंक्वेट्स व इंटीग्रेटेड F&B सर्विसेज। कंपनी के रेस्तरां पोर्टफोलियो में चाइना बिस्ट्रो, इंडिया बिस्ट्रो, ग्लोकल और आर्ट ऑफ डम जैसे ब्रांड शामिल हैं।

कंपनी ने 2008 में रेस्टोरेंट कारोबार से शुरुआत की थी। धीरे-धीरे क्लाउड किचन, बैंक्वेट्स और बड़े आयोजनों की कैटरिंग में भी अपनी जगह बनाई। कंपनी के मुताबिक, F&S रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2025 के दौरान संगठित अल्ट्रा-लग्जरी और लग्जरी कैटरिंग कारोबार में इसे राजस्व के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी बताया गया है।

Foodlink F&B Holding Limited IPO Review
Crystal Crop Protection IPO: इन म्यूचुअल फंडों ने रिटेल निवेशकों का पैसा दांव पर क्यों लगाया?

भारत से बाहर भी कंपनी का कारोबार

कंपनी एक ही आयोजन में 30,000 से ज्यादा मेहमानों के खाने-पीने का इंतजाम कर सकती है। इसके ग्राहकों में फिल्मी हस्तियां, क्रिकेटरों के परिवार, बड़े कारोबारी समूह और हाई नेटवर्थ वाले लोग शामिल हैं। भारत के अलावा UAE, ब्रिटेन और मलेशिया में भी इसका कारोबार है।

मुंबई, अहमदाबाद और दिल्ली में इसके Jade Banquets ब्रांड नाम से लग्जरी वेडिंग वेन्यू हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल 2.42 लाख वर्ग फुट से ज्यादा है। दिल्ली के एक बड़े कन्वेंशन सेंटर में कंपनी को 10 साल के लिए फूड सर्विसेज का विशेष अनुबंध भी मिला है।

कंपनी के भारत में छह और दुबई में एक केंद्रीयकृत किचन हैं। इनकी कुल क्षमता रोजाना एक लाख से ज्यादा भोजन तैयार करने की है। सितंबर 2026 तक कंपनी में 1,481 कर्मचारी काम कर रहे थे।

आमदनी बढ़ी, लेकिन कभी घाटा, कभी मुनाफा

कंपनी की कुल आमदनी वित्त वर्ष 2023-24 में 380.17 करोड़ रुपये थी, जो 2024-25 में बढ़कर 455.40 करोड़ और 2025-26 में 572.26 करोड़ रुपये हो गई, लेकिन मुनाफे का रिकॉर्ड उतना सीधा नहीं है। FY24 में कंपनी को 15.35 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। हालांकि FY25 में 14.26 करोड़ और FY26 में 29.11 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ, परंतु चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में तस्वीर फिर बदल गई।

222.18 करोड़ रुपये की आमदनी के बावजूद कंपनी को 16.15 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। PAT मार्जिन भी FY25 के 3.13 फीसदी और FY26 के 5.09 फीसदी से गिरकर H1-FY27 में निगेटिव 7.27 फीसदी पर पहुंच गया।

Foodlink F&B Holding Limited IPO Review
महानदी कोलफील्ड्स IPO: कोयले की खान में हीरा, क्या निवेशकों के हाथ लगेगा चमकता मौका?

कंपनी प्रबंधन का कहना है कि उसका कारोबार मौसमी है। पहली छमाही में पूरे साल की आमदनी और मुनाफे का करीब 30-35 फीसदी हिस्सा आता है, जबकि दूसरी छमाही में कारोबार ज्यादा रहता है।

प्रबंधन ने पहली छमाही के कमजोर नतीजों के लिए भू-राजनीतिक तनाव को भी जिम्मेदार बताया है। अब हालात सुधरने के साथ कारोबार सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है। हालांकि, दूसरी छमाही के नतीजे ही बताएंगे कि यह उम्मीद कितनी सही साबित होती है।

वैल्यूएशन में भी बड़ा डिस्काउंट नहीं

IPO के मूल्यांकन पर नजर डालें तो कंपनी ने प्री-IPO EPS 5.57 रुपये और पोस्ट-IPO EPS 4.67 रुपये बतायी है। 191 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड पर प्री-IPO P/E 34 गुना और पोस्ट-IPO P/E 41 गुना बैठता है। यानी नए शेयर जारी होने के बाद प्रति शेयर कमाई घटने से मूल्यांकन और महंगा हो जाता है।

पिछले तीन वर्षों का Weighted Average Basic EPS 3.23 रुपये है। इस आधार पर P/E रेशियो करीब 59 गुना निकलता है। 30 सितंबर 2026 की प्रति शेयर नेटवर्थ 41.30 रुपये के मुकाबले इश्यू का Price to Book Value P/B 4.62 गुना है।

कंपनी के कारोबार में विस्तार की गुंजाइश है, लेकिन इसके साथ कुछ जोखिम भी हैं। मुनाफे में उतार-चढ़ाव, मौसमी कारोबार और नए किचन व बैंक्वेट्स पर होने वाला खर्च इसकी कमाई पर असर डाल सकते हैं। कारोबार बढ़ने के साथ मुनाफा भी उसी रफ्तार से बढ़ेगा, इसकी अभी गारंटी नहीं है।

छमाही घाटे ने बढ़ाई चिंता

कुल मिलाकर, फूड लिंक F&B के पास अच्छा ब्रांड, बड़े ग्राहकों का आधार और कारोबार बढ़ाने के मौके हैं, लेकिन 16 करोड़ रुपये के छमाही घाटे और पोस्ट-IPO 41 गुना के पी/ई अनुपात को देखते हुए IPO का मूल्यांकन सस्ता नहीं कहा जा सकता।

कंपनी की असली ताकत तभी साबित होगी, जब कारोबार के विस्तार के साथ मुनाफे में भी लगातार बढ़ोतरी दिखे। फिलहाल, इस IPO में जल्दबाजी करने के बजाय कंपनी के अगले नतीजों और मुनाफे की वापसी का इंतजार करना ज्यादा समझदारी नजर आती है।