Share Market: टॉप 10 में से आधी कंपनियों की चांदी, मार्केट कैप में 1.54 लाख करोड़ का उछाल; TCS की बंपर कमाई

Share Market: आईसीआईसीआई बैंक का मार्केटकैप 29,062.06 करोड़ रुपये बढ़कर 10,34,441.77 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केटकैप इस दौरान 23,884.93 करोड़ रुपये बढ़ा है।
tcs market cap
टीसीएस के मार्केट कैप में तेज उछाल, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Share Market Top-10 Companies Market Cap: भारतीय शेयर बाजार की शीर्ष 10 में से पांच कंपनियों का मार्केटकैप बीते एक हफ्ते में 1.54 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। इसमें सबसे अधिक फायदा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और आईसीआईसीआई बैंक को हुआ है। टीसीएस के वैल्यूएशन में सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान कंपनी का मार्केटकैप 72,072.3 करोड़ रुपये बढ़कर 8,20,672.70 करोड़ रुपये हो गया।

यह उछाल तब आया जब देश की सबसे बड़ी आईटी सर्विस कंपनी ने जून तिमाही में अपने कंसोलिडेटेड मुनाफे में सालाना आधार पर 4.61 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है और निवेशकों को भरोसा जताया कि पश्चिम एशिया संकट से प्रभावित मांग मौजूदा तिमाही में बेहतर होगी।

ICICI बैंक के मार्केट कैप में तेज उछाल

आईसीआईसीआई बैंक का मार्केटकैप 29,062.06 करोड़ रुपये बढ़कर 10,34,441.77 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केटकैप इस दौरान 23,884.93 करोड़ रुपये बढ़ा है, जिससे कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन 17,95,091.26 करोड़ रुपए हो गया है। बजाज फाइनेंस का मार्केटकैप 21,946.2 करोड़ रुपये बढ़कर 6,57,274.28 करोड़ रुपये हो गया है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केटकैप 7,338.34 करोड़ रुपये बढ़कर 9,63,768.78 करोड़ रुपये हो गया है।

L&T को 18 हजार करोड़ का नुकसान

दूसरी तरफ, एलएंडटी का मार्केटकैप 18,097.72 करोड़ रुपये कम होकर 5,24,840.68 करोड़ रुपये हो गया है। एलआईसी का बाजार पूंजीकरण 12,080.75 करोड़ रुपये कम होकर 5,48,124.30 करोड़ रुपये हो गया है। भारती एयरटेल का मार्केटकैप 7,706.45 करोड़ रुपये घटकर 11,91,067.77 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एचडीएफसी बैंक की वैल्यूएशन में 7,084.61 करोड़ रुपये की कमी आई, जिससे उसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 12,62,369.81 करोड़ रुपये हो गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर की वैल्यूएशन में भी 1,221.79 करोड़ रुपये की मामूली गिरावट आई और यह 5,03,775.86 करोड़ रुपये पर आ गया है।

रिलायंस देश की सबसे अमीर कंपनी

हफ्ते के आखिर में, रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत की सबसे अधिक वैल्यूएशन वाली लिस्टेड कंपनी बनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलआईसी, लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) और हिंदुस्तान यूनिलीवर का नंबर रहा। भारतीय शेयर बाजार के लिए बीता एक हफ्ता मुनाफे वाला रहा है। इस दौरान सेंसेक्स 582.06 अंक या 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,151.45 और निफ्टी 127.40 अंक या 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,334.30 पर था।

बीते हफ्ते कैसा रहा था शेयर बाजार?

13-17 जुलाई के सत्र में निफ्टी आईटी 4.34 प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर था। इसके अलावा, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 3.11 प्रतिशत, निफ्टी मीडिया 2.50 प्रतिशत, निफ्टी प्राइवेट बैंक 1.51 प्रतिशत, निफ्टी ऑयल एंड गैस 1.08 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो 0.89 प्रतिशत, निफ्टी सर्विसेज 0.87 प्रतिशत, निफ्टी पीएसई 0.28 प्रतिशत और निफ्टी एनर्जी 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

Navbharat Live
navbharatlive.com