

जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर 21.4% प्रीमियम पर सूचीबद्ध हुआ
रिलायंस समूह का कुल मार्केट कैप बढ़कर 28.9 लाख करोड़ रुपये हुआ
टाटा समूह 25.6 लाख करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर रहा
Jio Platforms Listing: शेयर बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स की शानदार लिस्टिंग के बाद देश के सबसे मूल्यवान कारोबारी समूहों की रैंकिंग में बड़ा बदलाव आया है। बुधवार को जियो का शेयर ₹1,358 पर सूचीबद्ध हुआ, जिसके बाद रिलायंस समूह ने टाटा समूह को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया।
जियो की लिस्टिंग के बाद रिलायंस समूह की सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर ₹28.9 लाख करोड़ हो गया। वहीं, ₹25.6 लाख करोड़ के बाजार पूंजीकरण के साथ टाटा समूह दूसरे और ₹16.6 लाख करोड़ के साथ अदाणी समूह तीसरे स्थान पर रहा।
जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में एंट्री से रिलायंस समूह की कुल बाजार वैल्यू में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। कंपनी का इश्यू प्राइस ₹1,119 था, जबकि शेयर ₹1,358 पर लिस्ट हुआ। इस तरह जियो के शेयर ने 21.4% के प्रीमियम के साथ बाजार में शुरुआत की।
लिस्टिंग के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स का मार्केट कैप करीब ₹12.5 लाख करोड़ पहुंच गया। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज और जियो प्लेटफॉर्म्स की संयुक्त बाजार वैल्यू ₹28.7 लाख करोड़ हो गई। शेयरधारकों के लिहाज से भी जियो प्लेटफॉर्म्स की स्थिति खास रही। कंपनी के कुल शेयरधारकों की संख्या 79.8 लाख बताई गई है, जो देश में सबसे अधिक है।
मुंबई स्थित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग के मौके पर पारंपरिक बेल-रिंगिंग समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी शामिल हुए।
लिस्टिंग से पहले आकाश, ईशा और अनंत अंबानी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। जियो प्लेटफॉर्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने कहा कि यह लिस्टिंग अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। उन्होंने निवेशकों के साथ पारदर्शी संवाद बनाए रखने, वादों को पूरा करने और अपने काम के जरिए उनका भरोसा जीतने की प्रतिबद्धता जताई।
जियो की लिस्टिंग का असर केवल कारोबारी समूहों की रैंकिंग तक सीमित नहीं रहा। बाजार पूंजीकरण के आधार पर रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बनी, जबकि जियो प्लेटफॉर्म्स ने दूसरा स्थान हासिल किया।
दोनों कंपनियों का संयुक्त मार्केट कैप टाटा समूह की सभी सूचीबद्ध कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण से ₹3.1 लाख करोड़ अधिक रहा। इस घटनाक्रम ने भारतीय शेयर बाजार में बड़े कारोबारी समूहों की स्थिति को नए सिरे से परिभाषित किया है। यह रैंकिंग रिलायंस, टाटा और अदाणी समूहों की सूचीबद्ध कंपनियों के संयुक्त बाजार पूंजीकरण के आधार पर तय की गई है।