202 सीट पर एनडीए ने लहराया परचम तो 35 सीटों पर सिमटी तेजस्वी एंड कंपनी, जानिए पीएम मोदी ने क्या कहा

Bihar Chunav Results: बिहार विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ एनडीए ने 202 सीटें जीतकर शानदार जीत दर्ज की। भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी है। जानिए पीएम मोदी ने क्या कहा।
PM modi on bihar victory
पीएम मोदी, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Bihar Assembly Elections: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद सूबे की राजधानी पटना से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक जश्न का माहौल है। सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। वहीं, महागठबंधन की करारी हार हुई है।

सत्तारूढ़ राजग ने बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में 202 सीट जीतकर शानदार जीत हासिल की है। निर्वाचन आयोग के परिणामों की घोषणा के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में भाजपा मुख्यालय से पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने "गर्दा उड़ा दिया।"

देर रात घोषित नतीजे इस प्रकार हैं

निर्वाचन आयोग के अनुसार, सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बिहार विधानसभा चुनाव में 202 सीट जीतकर शानदार जीत दर्ज की है। राजग सहयोगियों में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 89 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) ने 85 सीटें जीतीं, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 19 सीट मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने पांच सीटें हासिल कीं, और उपेंद्र कुशवाहा के राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने चार सीटें जीतीं।

पीएम मोदी बोले: युवाओं ने 'जंगलराज' फॉर्मूले को किया ध्वस्त

प्रचंड जनादेश मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस जीत को 'प्रचंड जीत' और 'अटूट विश्वास' का प्रतीक बताया और कहा कि हम अपनी मेहनत से जनता का दिल खुश करते हैं, और जनता का दिल चुरा कर बैठे हुए हैं, इसलिए बिहार ने बता दिया है- फिर एक बाद NDA सरकार। पीएम मोदी ने विशेष रूप से बिहार के युवाओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं की आकांक्षाओं और सपनों ने 'जंगलराज' वाले पुराने और सांप्रदायिक MY फॉर्मूले को ध्वस्त कर दिया है। बिहार के लिए पीएम मोदी का वादा

बिहार ने कंधों पर जिम्मेदारी और बढ़ा दी

प्रधानमंत्री ने बिहार की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस जीत ने उनके कंधों पर जिम्मेदारी और बढ़ा दी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले पांच सालों में बिहार और तेज गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने वादा किया कि बिहार में नए उद्योग लगेंगे, निवेश आएगा जो ज्यादा नौकरियां लेकर आएगा, ताकि बिहार के नौजवानों को अपने राज्य में ही रोजगार मिल सके। साथ ही, बिहार के पर्यटन का विस्तार होगा और ऐतिहासिक धरोहरों का कायाकल्प होगा।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद हुए छह विधानसभा चुनावों में कांग्रेस एक बार भी 100 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। उन्होंने दावा किया कि आज के दिन सिर्फ एक चुनाव में जितने भाजपा विधायक चुने गए हैं, कांग्रेस पिछले छह चुनाव में उतने विधायक भी नहीं जीत पाई।

राहुल गांधी ने दी प्रतिक्रिया

वहीं, इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन खराब रहा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महागठबंधन पर विश्वास जताने वाले करोड़ों मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। हालांकि, उन्होंने परिणाम को 'चौंकाने वाला' बताया और कहा कि वे एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। राहुल गांधी ने घोषणा की कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com