

Vigilance Raid ADM Patna Residence: बिहार में विजिलेंस की टीम ने सोमवार को पटना के ADM (सप्लाई) रवींद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्विटी के ठिकानों पर छापेमारी की। उनकी पत्नी दानापुर में जिला सब-रजिस्ट्रार हैं। दोनों पर आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है। रवींद्र कुमार पहले गया में SDM रह चुके हैं। वे सारण में DPRO भी थे। विजिलेंस की टीम ने पटना के अलावा बेगूसराय स्थित उनके घर और अन्य ठिकानों पर भी पहुंची। पटना के दानापुर में नहर रोड पर स्थित कश्यप ग्रीनसिटी में छापेमारी की।
पटना में निगरानी विभाग की टीम को 500 के नोटों की 100 से ज़्यादा गड्डियां मिलीं। छापेमारी के दौरान कई महंगी घड़ियां भी बरामद हुईं। दोनों अधिकारियों के ठिकानों पर तलाशी के दौरान कुछ दस्तावेज और सामान मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि बरामद दस्तावेजों और अन्य चीजों की जांच की जा रही है। इन दस्तावेजों और संपत्तियों का मिलान संबंधित अधिकारियों की घोषित आय और संपत्ति से किया जाएगा।
पटना और बेगूसराय में चले ऑपरेशन की जानकारी को लेकर अधिकारी का कहना है कि कार्रवाई अभी भी चल रही है, जिसके बाद इसके बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी। विजिलेंस डिपार्टमेंट की टीम दोनों जगहों पर छापेमारी की है। बरामद कैश, गहनों, इन्वेस्टमेंट और दूसरी संपत्तियों के बारे में पूरी जानकारी जुटाने का काम चल रहा है। यह मामला विजिलेंस पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।
दोनों अधिकारियों से जुड़े जगहों पर छापेमारी के दौरान विजिलेंस विभाग के DIG भी मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे. सोने के आभूषण की वास्तविक मात्रा और उनकी कीमत का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
विजिलेंस DSP मिथिलेश कुमार ने कहा कि पटना में सप्लाई ADM रविंदर कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आज कोर्ट ने वारंट जारी किया। वारंट के आधार पर ग्रीन सिटी में उनके किराए के घर की तलाशी के दौरान अब तक 70 लाख नकद बरामद किए गए हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस की इस कार्रवाई से पूरे बिहार के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा है।