

Tej Pratap Yadav Judicial Custody: लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को 14 दिन की हिरासत में लिया गया है। तेज प्रताप को बेऊर जेल भेज दिया गया है। तेज प्रताप शनिवार को पटना में छात्रों के साथ आंदोलन में शामिल हुए थे। शनिवार को पटना में एक मॉल के पास पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने और कोर्ट में पेश किए जाने के बाद, जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को पटना की आदर्श सेंट्रल जेल, बेउर भेजा गया।
तेज प्रताप यादव के समर्थकों ने पटना पुलिस पर आरोप लगाया कि तेज प्रताप यादव और उनकी हिरासत के बारे में किसी तरह की जानकारी नहीं दी जा रही है। पुलिस यह बताने के लिए तैयार नहीं है कि किस आरोप में उन्हें जेल में रखा गया है। उनके वकील जगन्नाथ सिंह ने कहा है कि सोमवार को तेज प्रताप की जमानत के लिए याचिका लगाई जाएगी।
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिए जाने पर वकील जगन्नाथ सिंह ने कहा, "अब तक हमें कोई जानकारी नहीं दी गई है। मजिस्ट्रेट के निर्देश के बाद ही हमें गिरफ्तारी का मेमो दिया गया। हमें FIR की कॉपी भी नहीं दी गई है। मुख्य रूप से धारा 109 लगाई गई है, जबकि पहले धारा 307 (हत्या की कोशिश) लगाई गई थी।"
जानकारी मिलते ही पटना में आरजेडी महिला विंग की पूर्व अध्यक्ष आभा लता भी पुलिस स्टेशन पहुंची। उन्होंने बताया, कि "हमें अभी पता चला कि तेज प्रताप लापता हैं। काफी खोजबीन और अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में पता करने के बाद भी हमे पता चले कि यहां रखा गया है। जब मैंने गेट पर उनसे हिरासत में लेने का कारण या आधार पूछा, तो कोई भी बात करने को तैयार नहीं था। हर कोई यही कह रहा है कि 'हमसे बात मत करो'। हमें यहां बात करने नहीं दिया जा रहा है। पूरे प्रशासन को यहां पर बुलाकर रखा गया है।"
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिए जाने पर जनशक्ति जनता दल की नेता वीणा मानवी ने कहा, "हमें अभी तक ठीक-ठीक नहीं पता कि इस मामले में क्या हुआ है। अगर वह सुबह बच्चों के साथ सिर्फ पांच मिनट के लिए झंडा फहराने गए थे, और अगर इसे अपराध माना जाता है, तो हम इसे अपराध नहीं मानते। क्या उन्हें इसके लिए सजा दी जा रही है। मुझे बिल्कुल नहीं पता कि उन्हें क्यों हिरासत में लिया गया है। हमें अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है, तो हम कैसे कह सकते हैं कि उन्हें क्यों ले जाया गया है? अगर विरोध करना अपराध है, तो लोगों को लोकतंत्र छोड़ देना चाहिए।"
बिहार में शनिवार को बंद के ऐलान के बीच पटना में भारी बवाल हुआ था। NEET पेपर लीक मामले को लेकर वामपंथी पार्टियों की ओर से बुलाए गए बंद का समर्थन करने के लिए जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव पटना के राम गुलाम चौक पहुंचे थे। तेज प्रताप के शामिल होते ही प्रदर्शन और बढ़ने लगा था, जिसके बाद उन्हें पटना पुलिस ने हिरासत में लिया था। उन्होंने कहा था कि मैं छात्रों और युवाओं के साथ खड़ा हूं। अपने युवाओं के हक के लिए मैं जान देने को भी तैयार हूं।