

Tej Pratap Yadav Detained: बिहार की राजधानी पटना में छात्रों के प्रदर्शन के बाद जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। शनिवार देर शाम पटना पुलिस की टीम ने उन्हें सिटी सेंट्रल मॉल से हिरासत में लिया और अपने साथ ले गई।
दिन में तेज प्रताप यादव छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुए थे। उन्होंने छात्रों के बिहार बंद का समर्थन किया और गांधी मैदान के पास प्रदर्शनकारियों के बीच भी पहुंचे थे। इसी प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने बाद में उन्हें हिरासत में लिया।
खबरों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे पुलिस की टीम सूचना मिलने पर सिटी सेंट्रल मॉल पहुंची और वहीं से तेज प्रताप यादव को अपने साथ ले गई। इस दौरान वह किसी से फोन पर बात करते हुए भी दिखाई दिए। हिरासत में लिए जाने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खबरों के अनुसार, हिरासत में लेने के बाद तेज प्रताप यादव को पटना से सटे नौबतपुर थाना क्षेत्र ले जाया गया, जहां उन्हें रखा गया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया था कि उन्हें किन धाराओं या आरोपों के तहत हिरासत में लिया गया है।
बताया जा रहा है कि शनिवार को राम गुलाम चौक और गांधी मैदान के आसपास हुए छात्र प्रदर्शन में उनकी मौजूदगी को लेकर पुलिस ने यह कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। इससे तेज प्रताप यादव ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके से बड़ी अपील की। तेज प्रताप ने अपने सोशल मीडिया के जरिए अभिजीत दीपके को बिहार आने की अपील की है और बिहार की जनता की अवाज बनने का आग्रह किया।
तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स हैंडल पर अभिजीत से अपील करते हुए लिखा कि मैं, तेज प्रताप यादव, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके से यह विशेष अपील करता हूं कि वे अविलंब बिहार की धरती पर आएं। उन्होंने कहा कि बिहार की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए आज एक कड़े और मजबूत जनांदोलन की आवश्यकता है।