

Patna Tej Pratap Yadav Detained: बिहार में आज बंद के ऐलान के बीच पटना में भारी बवाल हो गया। नीट पेपर लीक मामले के विरोध में पटना में छात्र सड़क पर उतर आए और जमकर हंगामा किया। इस बीच पथराव की घटना में कई लोग घायल हुए। NEET पेपर लीक मामले को लेकर वामपंथी पार्टियों की ओर से बुलाए गए बंद का समर्थन करने के लिए जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव पटना के राम गुलाम चौक पहुंचे।
तेज प्रताप के शामिल होते ही प्रदर्शन और बढ़ने लगा, जिसके बाद तेज प्रताप यादव को पटना पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्होंने कहा, "मैं छात्रों और युवाओं के साथ खड़ा हूं। अपने युवाओं के हक के लिए मैं जान देने को भी तैयार हूं।"
NEET पेपर लीक मामले और राज्य में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर आज राज्यव्यापी बंद के आह्वान के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। विरोध-प्रदर्शन के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं।
SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि, "हमने सीमित बल का इस्तेमाल करके भीड़ को तितर-बितर कर दिया है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे आगे पूछताछ की जाएगी। अब हम दूसरी जगहों पर जाकर उन्हें भी खाली करवाएंगे।"
बिहार के औरंगाबाद में भी NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी की घटना हुई। झड़प के दौरान कई लोगों के घायल होने की खबर है। भीड़ को हटाने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पटना में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गाड़ियों में तोड़-फोड़ की गई और उन्हें पलट दिया गया। पुलिस की कार्रवाई को लेकर आज राज्यव्यापी बंद के आह्वान के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं और दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन का समर्थन कर रहे है।
पटना के अलावा, शनिवार को समस्तीपुर, छपरा, सीवान और जहानाबाद में भी विरोध प्रदर्शन हुए। 'बिहार बंद' को सफल बनाने के लिए भाकपा, माले सहित कई वामपंथी दलों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हालांकि, बंद को देखते हुए राज्यभर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा है। विभिन्न हिस्सों में पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई और लगातार गश्ती अभियान चलाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।