पटना में आरजेडी नेता की गोली मारकर हत्या, होटल में घुसकर तड़तड़ाई गोलियां, 6 खोखे मौके से बरामद
Patna में चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के मुन्नाचक में देर रात अपराधियों ने आरजेडी नेता राजकुमार राय उर्फ अल्लाराय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का राजनीति और जमीन के कारोबार से भी जुड़े हुए थे।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
आरजेडी नेता की गोली मारकर हत्या, फोटो- सोशल मीडिया
RJD Leader Murder in Patna: पटना के चित्रगुप्त नगर में मंगलवार देर शाम एक बड़ी वारदात ने शहर को हिला दिया। अज्ञात अपराधियों ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता और प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार राय उर्फ आला राय की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना तब हुई जब वे अपनी गाड़ी से घर के पास पहुंचे ही थे। पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
जान बचाने के लिए घायल राजकुमार राय पास के एक होटल में घुस गए, लेकिन हमलावर उनका पीछा करते हुए होटल के अंदर तक जा पहुंचे। वहां भी फायरिंग जारी रही। गोली होटल के फ्रिज में भी लगी, जिससे उसका शीशा टूट गया। कुल मिलाकर छह गोलियों के खोखे पुलिस को घटनास्थल से मिले हैं। वारदात को बेहद नजदीक से और बेरहमी से अंजाम दिया गया।
अस्पताल में डॉक्टर्स ने मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पटना पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि मृतक आरजेडी से जुड़े थे और साथ ही प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे।
सम्बंधित ख़बरें
Mukesh Roshan को बिश्नोई गैंग से मिली धमकी, तेजस्वी के करीबी पूर्व विधायक ने बिहार पुलिस से मांगी सुरक्षा
कानपुर देहात के बोतल बाबा का कारनामा: फूंक मारकर कैंसर ठीक करने का करते थे दावा; FIR दर्ज, जानें क्या है मामला
सोलापुर में एकतरफा प्यार का खौफनाक अंजाम: शादी से भड़के सिरफिरे आशिक ने नवविवाहित युवक की हत्या
दिल्ली के शाहदरा स्टेशन पर बवाल! ट्रेन में चढ़ते समय हाथापाई में यूपी के व्यक्ति की मौत, देखते रहे लोग- VIDEO
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि हत्या के पीछे साजिश है। मृतक की बहन शिला देवी ने बताया कि उनके भाई की राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं और वे इस बार राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अपराधियों ने 8 से 10 राउंड फायरिंग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो शव को सड़क पर रखकर विरोध किया जाएगा। हालांकि, परिजनों ने किसी आरोपी का नाम अभी सार्वजनिक नहीं किया है।
सीसीटीवी से खुल सकती है साजिश
पुलिस इस हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर जब्त कर ली गई है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि तकनीकी जांच के जरिए अपराधियों तक पहुंचा जा सके।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
एसपी ने बताया कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश या प्रॉपर्टी से जुड़ा विवाद हो सकता है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। बिहार में चुनावी माहौल के बीच इस तरह की घटनाएं लगातार कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रही हैं। इस वारदात ने न सिर्फ राजधानी में दहशत का माहौल बना दिया है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
