NEET Student Murder Case: हॉस्टल में नीट छात्रा के साथ क्या हुआ था? परिजनों से बंद कमरे में हुई मैराथन पूछताछ
Patna NEET Student Death Case: पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपने हाथों में ले ली है। रविवार की सुबह करीब साढ़े 8 बजे सीबीआई की 18 सदस्यीय टीम अचानक जहानाबाद जिले के शकूराबाद थाना क्षेत्र स्थित मृतका के गांव पहुंची। टीम ने छात्रा के माता-पिता और भाई से बंद कमरे में करीब साढ़े तीन घंटे तक मैराथन पूछताछ की, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जांच एजेंसी अपने साथ लैपटॉप और प्रिंटर लेकर पूरी तैयारी के साथ पहुंची थी। अधिकारियों ने मौके पर ही परिजनों से पूछे गए सवालों के जवाब टाइप किए और प्रिंट निकालकर उस पर उनके हस्ताक्षर लिए और फिर सील कर दिया गया। पूछताछ के बाद टीम अपने साथ छात्रा की कलम, कॉपी, किताब, बैग, कपड़े और यहां तक कि कैंची जैसे अहम सबूत भी साथ ले गई है। सीबीआई के आईजी राजीव आर के नेतृत्व में पांच गाड़ियों के काफिले के साथ यह कार्रवाई की गई, जिसमें स्थानीय पुलिस भी शामिल थी।
छात्रा की मां ने रोते हुए अधिकारियों को बताया कि इससे पहले स्थानीय पुलिस भी पूछताछ के लिए आई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने डर जताया कि कहीं यह जांच भी अधूरी न रह जाए। इस पर सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मामला संज्ञान में आते ही वे निष्पक्ष जांच कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई ने परिजन से छात्रा के हॉस्टल में रहने का पूरा ब्योरा लिया। परिजनों ने बताया कि 27 दिसंबर 2025 को जब वह पटना से घर आई थी, तब सब सामान्य था। उनका आरोप है कि 6 जनवरी को जब छात्रा की तबीयत बिगड़ी, तो शंभू गर्ल्स हॉस्टल प्रबंधन ने उन्हें सूचना नहीं दी, बल्कि वहां रहने वाली एक लड़की ने पिता को फोन किया था। तभी से उन्हें बेटी के साथ अनहोनी का शक हुआ था।
यह भी पढ़ें: बंगाल में मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में मिली छात्र की लाश, बिहार में छाया मातम, परिवार का क्या आरोप?
इससे पहले एसआईटी ने मामले की जांच की थी और 10 बार जहानाबाद आई थी, लेकिन परिजन रेप और मर्डर का आरोप लगाते हुए पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं थे। सीबीआई ने अब मामले की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है। टीम उन दो निजी अस्पतालों के डॉक्टरों और कर्मियों से भी पूछताछ करेगी जहां छात्रा का इलाज चला था।
वहां के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे। इसके अलावा परिजन से छात्रा के भाई का मोबाइल भी मांगा गया, जो रिपेयरिंग के लिए दुकान पर है। परिजनों ने इसे जल्द सौंपने की बात कही है। गौरतलब है कि छात्रा 6 जनवरी को हॉस्टल में बेहोश मिली थी और 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई थी। अब सीबीआई हर पहलू को बारीकी से खंगाल रही है।