जनसुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह उर्प पप्पू सिंह
पटना: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को घोषणा की कि पूर्व भाजपा सांसद उदय सिंह को सर्वसम्मति से पार्टी का पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। किशोर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अब वह जनसंपर्क पर ध्यान केंद्रित करेंगे तथा संगठन चलाने की जिम्मेदारी उदय सिंह और आरसीपी सिंह जैसे लोगों को सौंपेंगे जो रविवार को पार्टी में शामिल हुए।
प्रशांत किशोर ने कहा, ‘‘मैं कल से बिहार में अपनी पदयात्रा फिर से शुरू कर सकता हूं।” किशोर ने यह भी कहा कि उदय सिंह को इस उद्देश्य के लिए गठित समिति की ओर से ‘‘केवल बहुमत से नहीं, बल्कि सर्वसम्मति से चुना गया है।”
पिछले साल दो अक्टूबर को गठित जन सुराज पार्टी तभी से बिना किसी पूर्णकालिक अध्यक्ष के काम कर रही थी। प्रशांत किशोर ने साफ किया है कि वह पार्टी में अपने पास कोई पद नहीं रखेंगे। पार्टी की स्थापना के तुरंत बाद पूर्व आईपीएस अधिकारी मनोज भारती को ‘‘कार्यकारी अध्यक्ष” बनाया गया था।
पप्पू सिंह दो बार पूर्णिया लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर सांसद रह चुके हैं। उन्होंने 2019 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। हालांकि, पप्पू 2024 के लोकसभा चुनाव में चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था। लेकिन उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पप्पू यादव को अपना समर्थन दिया था, जिसके चलते पप्पू यादव पूर्णिया से निर्दलीय चुनाव जीते थे।
बिहार चुनाव से पहले जनसुराज में विलीन हुई RCP की ‘आसा’, प्रशांत किशोर बोले- बीजेपी पिछले दरवाजे से…!
पप्पू सिंह ने जन सुराज पार्टी के बनने के समय से ही प्रशांत किशोर का समर्थन करते आए हैं। सिंह ने न केवल पार्टी का समर्थन किया है, बल्कि पटना में प्रशांत किशोर को पार्टी चलाने के लिए शेखपुरा हाउस भी दिया। इसके अलावा पटना में प्रशांत किशोर के आमरण अनशन के दौरान लग्जरी गाड़ी की चर्चा हुई थी, वह भी गाड़ी पप्पू सिंह की ही थी। वहीं, जब भी प्रशांत किशोर सीमांचल दौरे पर आते हैं, तो पूर्णिया में उदय सिंह के निजी आवास पर ही रुकते हैं।