‘ऐ तीन गो ज्यादा हल्ला कर रही…’, जब बिहार सदन में हो गया ‘नीतीश बनाम राबड़ी’, विपक्ष ने जमकर किया विरोध
Bihar Assembly Session: बिहार बजट सत्र के दौरान सीएम नीतीश कुमार और पूर्व सीएम राबड़ी देवी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। दरभंगा कांड और कानून-व्यवस्था पर हंगामे के बीच नीतीश ने राबड़ी देवी पर निजी तंज कसा।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
विधानसभा में राबड़ी पर भड़के नीतीश
Nitish Kumar Rabri Devi Clash: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार को सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया। दरभंगा में बच्ची के साथ हुए जघन्य अपराध और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा, तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गुस्सा फूट पड़ा। नीतीश ने राबड़ी देवी और महिला विधायकों पर तंज कसते हुए विवादित टिप्पणी कर दी।
बिहार विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होते ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायकों ने राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे से नाराज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीधे तौर पर विपक्ष की नेता राबड़ी देवी को निशाने पर लिया।
ऐसा क्या बोल गए नीतिश कुमार?
नीतीश ने महिला विधायकों की ओर इशारा करते हुए कहा, “ई तीन गो ज्यादा हल्ला कर रही है… लालू यादव हट गए तो इसी को बना दिए हैं।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जब ये लोग पहले सरकार में थे, तो इन्होंने कोई काम नहीं किया और अब केवल फालतू की बातें कर रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
बांकीपुर उपचुनाव: जनता ही असली मालिक है-संजय झा का बड़ा बयान, प्रशांत कुमार पर साधा सीधा निशाना
लखनऊ में नवविवाहिता की मौत से हड़कंप, 4 महीने पहले हुई थी शादी; दहेज हत्या में पति और परिवार पर FIR दर्ज
बिहार में खाकी भी सुरक्षित नहीं! गया-हावड़ा एक्सप्रेस में घुसकर पुलिस दंपत्ति को पीटा, वजह जान हो जाएंगे हैरान
‘दोषियों पर होगी कार्रवाई’! भरत तिवारी के परिवार से मिलकर मंत्री अशोक चौधरी का बड़ा बयान
दरभंगा कांड और महिलाओं की सुरक्षा पर तीखी बहस
विपक्ष के हंगामे की मुख्य वजह दरभंगा में 6 साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या का मामला था। राबड़ी देवी ने सदन में मोर्चा संभालते हुए कहा कि बिहार का कोई ऐसा जिला नहीं बचा है जहाँ बेटियों के साथ बलात्कार की घटनाएं न हो रही हों।
बिहार विधान परिषद में विपक्ष पर ग़ुस्सा हुए नीतीश कुमार ….विपक्ष दरभंगा में 6 वर्ष की बच्ची के साथ हुए रेप पर सरकार का विरोध कर रही थी …#bihar #darbhanga pic.twitter.com/7cbLvQKH4V — Mukesh singh (@Mukesh_Journo) February 9, 2026
उन्होंने पटना, खगड़िया, आरा और दरभंगा की घटनाओं का जिक्र करते हुए गृह मंत्री सम्राट चौधरी से इस्तीफे की मांग की। राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है, जबकि सरकार केवल अपनी उपलब्धियां गिनाने में व्यस्त है।
मगही भाषा में तंज और सदन की गरिमा पर सवाल
विधान परिषद में भी स्थिति बेहद तनावपूर्ण रही। मुख्यमंत्री ने मगही भाषा में टिप्पणी करते हुए कहा कि इन लोगों को कुछ आता-जाता नहीं है और ये लोग केवल शोर मचाना जानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने राज्य के विकास के लिए ठोस काम किया है, जबकि विपक्षी दल केवल मुद्दों से भटका रहे हैं।
मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी को विपक्ष ने महिलाओं के सम्मान से जोड़ते हुए अपमानजनक करार दिया और विरोध तेज कर दिया। इस तीखी नोकझोंक के कारण प्रश्नकाल की कार्यवाही पूरी तरह बाधित रही और सभापति अवधेश नारायण सिंह को सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
सियासी घमासान: इस्तीफे की मांग पर अड़ा विपक्ष
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया के जरिए नीतीश कुमार की ‘खामोशी’ पर सवाल उठाए। सदन के भीतर राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने सीधे मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर दी और कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच यह टकराव केवल एक दिन की घटना नहीं है, बल्कि बजट सत्र के दौरान यह खींचतान और बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: पंजाब के लॉ कॉलेज में खूनी खेल: क्लासरूम में छात्रा के सिर में मारी गोली, फिर छात्र ने खुद को भी उड़ाया
फिलहाल, नीतीश कुमार के ‘लालू यादव के बाद बना दिया’ वाले बयान ने बिहार की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है, जिसे लेकर विपक्ष अब सड़क से सदन तक विरोध करने की रणनीति बना रहा है।
