पंजाब के लॉ कॉलेज में खूनी खेल: क्लासरूम में छात्रा के सिर में मारी गोली, फिर छात्र ने खुद को भी उड़ाया

Tarn Taran Law College Shooting: पंजाब में तरनतारन के एक लॉ कॉलेज में छात्र ने क्लासरूम के भीतर अपनी क्लासमेट की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है।
Taran Taran law college murder
तरनतारन लॉ कॉलेज हत्या, फोटो- सोशल मीडिया
Updated on

Tarn Taran Law College Student Murder: पंजाब के तरनतारन जिले के उस्मा गांव स्थित 'माई भागो लॉ कॉलेज' में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। लॉ प्रथम वर्ष के एक छात्र ने अपनी ही क्लास की छात्रा संदीप कौर के सिर में बेहद करीब से गोली मार दी और पलक झपकते ही खुद को भी शूट कर आत्महत्या कर ली।

वारदात का एक खौफनाक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो सुबह करीब 9 बजे का है। उस वक्त क्लास शुरू नहीं हुई थी और छात्र आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी छात्र हाथ में पिस्टल लिए क्लासरूम में दाखिल हुआ। वह सीधा उस बैंच की तरफ बढ़ा जहां संदीप कौर (20) अपनी सहेली के साथ बैठी थी।

आरोपी ने थोड़ी देर बहस की और फिर अचानक पिस्टल निकालकर संदीप के सिर से सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही छात्रा का ब्रेन फट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद आरोपी ने पिस्टल दोबारा लोड की और खुद के सिर में भी गोली मार ली, जिससे वह भी वहीं ढेर हो गया।

परिजनों का गंभीर आरोप- "बेटी को परेशान करता था आरोपी"

मृतक छात्रा संदीप कौर के परिवार ने इस घटना को एक सोची-समझी साजिश और उत्पीड़न का नतीजा बताया है। संदीप की मां हरजिंदर कौर ने बताया कि आरोपी उन्हें काफी समय से परेशान कर रहा था और उसने पहले भी घर आकर धमकी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें शुरुआत में सही जानकारी नहीं दी और केवल यह कहा कि उनकी बेटी को "चोट लगी है।" जब वे कॉलेज पहुंचे, तो उनकी बेटी खून से लथपथ मृत पड़ी थी। संदीप की 6 बहनें और एक छोटा भाई है, और उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।

एकतरफा प्यार या वेलेंटाइन वीक का पागलपन?

पंजाब पुलिस के शुरुआती विश्लेषण में यह मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा लग रहा है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने संभवतः 8 फरवरी को वेलेंटाइन वीक के दौरान छात्रा को प्रपोज किया था, जिसे संदीप ने ठुकरा दिया था। इसी इनकार से नाराज होकर छात्र ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। आरोपी की पहचान प्रिंस राज के रूप में हुई बताई जा रही है, जो छात्रा का सहपाठी था।

कॉलेज सुरक्षा पर उठे सवाल, हथियार अंदर कैसे पहुंचा?

इस वारदात ने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक छात्र पिस्टल के साथ कॉलेज के गेट से अंदर कैसे दाखिल हो गया। क्या वहां कोई चेकिंग नहीं की गई थी? मौके पर पहुंचे अन्य अभिभावकों ने भी सुरक्षा में भारी चूक का आरोप लगाया और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ACP/DSP जगबीर सिंह ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास यह हथियार कहां से आया और क्या यह कोई लाइसेंसी पिस्टल है या अवैध हथियार। फिलहाल पुलिस ने पूरे कॉलेज को सील कर दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com