नीतीश कुमार (Image- Social Media)
Nitish Kumar News: राज्यसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। फिलहाल नीतीश कुमार ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
जदयू की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक 22 मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 24 मार्च तक नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख तय की गई है।
अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में आते हैं, तो 27 मार्च को चुनाव कराया जाएगा। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार के ही दोबारा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की संभावना है। राज्यसभा सदस्य रहते हुए वे पार्टी की कमान अपने ही हाथों में बनाए रखेंगे।
वहीं, बेगूसराय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर राजनीतिक कयास तेज हो गए। कार्यक्रम में सम्राट चौधरी के प्रति दिखे समर्थन को देखते हुए कई लोग उन्हें भविष्य का मुख्यमंत्री बताने लगे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बेगूसराय पहुंचे नीतीश कुमार के मंच पर पहुंचते ही संचालक ने यहां तक कह दिया कि यह मुख्यमंत्री के रूप में उनकी अंतिम यात्रा हो सकती है। इस घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
इसी दौरान नीतीश कुमार अपने भाषण के दौरान उस समय चर्चा में आ गए, जब कुछ महिलाएं बीच कार्यक्रम से ही जाने लगीं। उन्हें जाता देख मुख्यमंत्री नाराज हो गए और भाषण रोककर उनसे बोले, “अरे कहां जा रही हैं? हम बंद कर दें क्या? हम तो देख रहे थे, पहले उधर से भी लोग जा रहे थे। अगर सब भागने लगेंगे तो हम भी छोड़ देंगे। यहां सब कुछ बताया जा रहा है, फिर भाग क्यों रहे हैं? सब जानिए तब न समझ में आएगा।”
भाषण खत्म करने के बाद नीतीश कुमार ने लोगों से एक मिनट रुकने को कहा। इसके बाद वे मंच पर ही सम्राट चौधरी के पास गए, उनका हाथ पकड़ा और उसे उठाकर जनता की ओर लहराया।
यह भी पढ़ें- नीतीश के ‘गम’ में राजनीति से संन्यास लेंगे अनंत सिंह, निशांत कुमार को लेकर कही बड़ी बात, तेजस्वी पर भड़के
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस इशारे के बाद राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं। कुछ लोग इसे सम्राट चौधरी को आगे बढ़ाने का संकेत मानने लगे, तो कुछ इसे सिर्फ उनके प्रति समर्थन और स्नेह का इजहार बता रहे हैं।