बिहार: मंदिर में सोते रहे पुजारी, गणेश जी का मुकुट चुरा ले गए चोर; SP ने पूरी गश्ती टीम को किया सस्पेंड

Motihari Temple Theft: मोतिहारी के साईं बाबा मंदिर का ताला काटकर चोर भगवान गणेश का करीब 100 ग्राम वजनी मुकुट ले गए। एसपी ने संबंधित गश्ती टीम और बाइक पेट्रोलिंग दल को निलंबित किया।
Motihari Sai Baba Temple Theft
मोतिहारी साईं बाबा के मंदिर में गणेश जी का मुकुट चोरीसोर्स- IANS
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मोतिहारी के साईं बाबा मंदिर से भगवान गणेश का करीब 100 ग्राम वजनी मुकुट चोरी हुआ।

  • मंदिर का सीसीटीवी कैमरा करीब डेढ़ महीने से खराब बताया जा रहा है।

  • एसपी स्वर्ण प्रभात ने संबंधित गश्ती टीम और बाइक गश्ती दल को निलंबित किया।

Bihar Motihari Sai Baba Me Mandir Chori: नवरात्र के दौरान जहां पूरा बिहार प्रदेश भक्ति और आस्था के रंग में डूबा था। वहीं पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में विजयादशमी की रात चोरों ने एक मंदिर को निशाना बनाया। नगर थाना क्षेत्र के मिस्कॉट मोहल्ले में स्थित साईं बाबा मंदिर का ताला काटकर चोर अंदर घुसे और भगवान गणेश का करीब 100 ग्राम वजनी मुकुट चुरा ले गए।

हैरानी की बात यह है कि घटना के समय मंदिर के पुजारी परिसर में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने संबंधित गश्ती टीम और बाइक गश्ती दल को निलंबित कर दिया है।

मंदिर का ताला काटकर अंदर घुसे चोर

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने मोतिहारी के मिस्कॉट मोहल्ले स्थित साईं बाबा मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला काट दिया। इसके बाद वे मंदिर के अंदर दाखिल हुए और भगवान गणेश का मुकुट लेकर फरार हो गए।

सुबह पुजारी की नींद खुलने पर जब उन्होंने पूजा की तैयारी के दौरान मंदिर के सामान की जांच की, तब चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। डायल 112 पर कॉल किए जाने के बाद बिहार पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में नगर थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

Motihari Sai Baba Temple Theft
नीतीश के साथ रहकर 9 हत्याएं कराईं, अनंत सिंह के दावे से बिहार में सियासी भूचाल, MLC चुनाव से पहले बढ़ा विवाद

चांदी का छत्र और दान पेटी सुरक्षित

शिकायत के अनुसार, मंदिर से भगवान गणेश का लगभग 100 ग्राम वजनी मुकुट चोरी हुआ है। वहीं, साईं बाबा का चांदी का छत्र, दान पेटी और चरण पादुका सुरक्षित हैं।

चोरी के दौरान चोर अपना औजार मंदिर में ही छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। जांच में इस औजार से अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश कर रही है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

डेढ़ महीने से खराब था मंदिर का CCTV कैमरा

मंदिर में लगा सीसीटीवी कैमरा करीब डेढ़ महीने से खराब बताया जा रहा है। ऐसे में घटना के समय मंदिर के अंदर की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस अब आसपास के मकानों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। घटनास्थल से मिले औजार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

SP ने गश्ती टीम और बाइक पेट्रोलिंग दल को किया निलंबित

मंदिर में चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने कार्रवाई की है। उन्होंने सहायक पुलिस निरीक्षक अजीत सिंह के नेतृत्व वाली गश्ती टीम और बाइक गश्ती दल को निलंबित कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग पहलुओं पर काम किया जा रहा है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी भेजी जा रही है।

Motihari Sai Baba Temple Theft
औरंगाबाद में महिला को 'डायन' बताकर पीटा, आरोपियों ने 2.20 लाख रुपये भी वसूले

चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

मोतिहारी के मंदिर में हुई इस चोरी के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले औजार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल भगवान गणेश का मुकुट बरामद नहीं हुआ है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com