बाबूजी जरा संभलना...बड़े हादसे हो रहे बिहार में, सड़क दुर्घटनाओं में ज्यादातर पुरुषों की मौत

Motihari Road Accident: मोतिहारी में दिपउ मोड़ के पास सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुश्किल है।
Most men die in road accidents
सड़क दुर्घटना। इमेज-एआई
Published on: 
Updated on: 

Bihar Road Accident: बिहार के मोतिहारी जिले में कोटवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दिपउ मोड़ के पास सड़क हादसा में पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद सभी का चेहरा क्षत-विक्षत हो गया, जिस कारण से शव की पहचान नहीं हो सकी है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) की एक रिपोर्ट के अनुसार देश में सड़क दुर्घटनाओं ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

इस रिपोर्ट से साफ होता है कि बिहार में ओवर स्पीड के कारण सबसे ज्यादा मौत होती है। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं में ज्यादातर पुरुषों की मौत होती है। आंकड़ों की बात करें तो साल 2023 में बिहार में सड़क दुर्घटनाओं में 8,873 लोग मारे गए। इनमें 7,036 पुरुष और 1,837 महिलाएं थी। इसका मतलब है कि कुल मौतों में लगभग 80% पुरुष थे। संख्या के तौर पर देखें तो 8,873 में से 7,036 पुरुष थे।

NH को किया जाम

आज के हादसे के बारे में बताया जाता है कि बाइक सवार और पैदल लोग सड़क पार करने के लिए खड़े थे। इसी क्रम में गोपालगंज की ओर जा रहे ट्रक चालक ने खड़े लोगों की ओर वाहन मोड़ दिया। इससे लोग उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद पहुंची पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) को जाम कर दिया।

सड़क पर वाहनों की लगी कतार, आरोपी को पकड़ने की मांग

पांच लोगों को सड़क पर कुचल दिए जाने की घटना से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन लोगों ने सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीण वरीय पुलिस अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि इस इलाके में लगातार सड़क हादसे हो रहे। इसमें दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन पुलिस या प्रशासन वाहन चालकों पर कार्रवाई नहीं करती। न ही सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

हादसे के बाद भाग गया ट्रक चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक मोटरसाइकिल सवार और फिर एक टेंपो को रौंद दिया। इस हादसे में पांच लोगों की तुरंत मौत हो गई। जबकि, कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए तत्काल नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने जिला प्रशासन और सरकार से पीड़ित परिवारों को मुआवजे दिए जाने की भी मांग की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com