मोतिहारी में बड़ा हादसा, बेकाबू ट्रक बाइक सवारों को रौंदता चला गया, कई लोगों की मौत

Motihari accident से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक साथ आठ से ज्यादा बाइक और एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, मौके पर 5 लोगों की मौत हो गई है तमाम लोगों के घायल सूचना।
Major accident NH-27 in bihar Motihari runs over bike 5 people died dozen injured
मोतिहारी में बड़ा हादसा
Published on: 
Updated on: 

Motihar Horrific Road Accident: बिहार के मोतिहारी से आज एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सभी का दिल दहला दिया। रविवार की दोपहर नेशनल हाइवे पर मौत बनकर दौड़े एक बेकाबू ट्रक ने हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया। कोटवा थाना क्षेत्र में रफ्तार के इस कहर ने पल भर में सब कुछ तबाह कर दिया। यहां सड़क पार करने का इंतजार कर रहे लोगों को ट्रक ने बेरहमी से रौंद डाला। मंजर इतना भयानक था कि पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

यह भयावह हादसा मोतिहारी-गोपालगंज नेशनल हाइवे पर हुआ। जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब साढ़े बारह बजे कोटवा के दीपउ मोड़ के पास कई बाइक सवार, ई-रिक्शा और पैदल यात्री सड़क पार करने के लिए खड़े थे। तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर को तोड़ता हुआ आया और कतार में खड़े लोगों पर चढ़ गया। ट्रक ने आठ से ज्यादा बाइक और एक टेम्पो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वहां चीख-पुकार मच गई।

प्रशासन से भिड़े लोग, सड़क पर बवाल

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। अपने लोगों को खून से लथपथ देख स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने नेशनल हाइवे को पूरी तरह जाम कर दिया और जमकर बवाल काटा। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष और डीएसपी के साथ भी लोगों की तीखी नोकझोंक हुई। हालांकि, बाद में प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक दर्जन घायलों को सदर अस्पताल और अन्य केंद्रों पर भेजा गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

ओवरब्रिज की मांग और अनदेखी का नतीजा

इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय निवासियों में प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है। लोगों का आरोप है कि दीपउ मोड़ पर अक्सर हादसे होते रहते हैं, इसलिए वे लंबे समय से यहां ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे थे। लेकिन प्रशासन ने उनकी बातों को अनसुना कर दिया, जिसका खामियाजा आज पांच बेगुनाह लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। फिलहाल पुलिस शवों की पहचान करने में जुटी है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com