खेसारी लाल यादव के शो में भारी बवाल! मंच पर चले जूते-चप्पल, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज, देखें VIDEO

Muzaffarpur के पशु मेले में खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई। मंच पर जूते-चप्पल फेंकने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें 3 जवान घायल हुए और भगदड़ मच गई।
khesari lal yadav event
खेसारी लाल यादव के शो में भारी बवाल (Image- Social Media)
Published on: 
Updated on: 

Khesari Lal Yadav Muzaffarpur Event: बिहार के मुजफ्फरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान खेसारी लाल यादव के शो में अचानक बवाल मच गया। पशु मेले में हुए इस कार्यक्रम के दौरान लोगों ने मंच की ओर जूते-चप्पल फेंकने शुरू कर दिए, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं, जबकि अफरा-तफरी के बीच लोग कार्यक्रम छोड़कर भागने लगे। पूरा कार्यक्रम बीच में ही रोकना पड़ा और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मंच की ओर जूते-चप्पल फेंके गए

बताया जा रहा है कि औराई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक रामसूरत राय हर साल गरहा इलाके में इस पशु मेले का आयोजन कराते हैं। इस बार भी मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे, खासकर बुधवार को खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम के कारण भीड़ और बढ़ गई।

जैसे ही खेसारी लाल यादव ने मंच पर परफॉर्म करना शुरू किया, भीड़ में कुछ लोगों ने हूटिंग शुरू कर दी और देखते ही देखते मंच की ओर जूते-चप्पल फेंके जाने लगे। पुलिस ने शुरुआत में स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन मामला बिगड़ने पर लाठीचार्ज करना पड़ा।

उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लोग मंच की ओर सामान फेंक रहे हैं, वहीं पुलिस उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए बल प्रयोग कर रही है। इसके बाद वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, इस कार्यक्रम में एक लाख से ज्यादा लोग पहुंच गए थे, जबकि प्रशासन को पहले सिर्फ 30 से 40 हजार लोगों के आने की सूचना दी गई थी। कांतेश कुमार मिश्रा, जो मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हैं, ने मेला प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भीड़ का सही अनुमान न होने की वजह से व्यवस्था बिगड़ गई और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com