कुशीनगर के भैसहा मेले बड़ा हादसा: मौत बनकर टूटा विशाल झूला, 20 से ज्यादा श्रद्धालु लहूलुहान

Bhainsha Mela Tragedy: कुशीनगर के भैसहा मेले में बुधवार रात झूला टूटने से भीषण हादसा हुआ है, जिसमें 20 से अधिक लोग घायल हैं। बिहार और नेपाल से आए श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
kushinagar news update
भैसहा मेले में हादसा, फोटो- सोशल मीडिया
Updated on

Kushinagar Swing Accident: कुशीनगर के खड्डा में बुधवार की रात खुशियों और आस्था का माहौल अचानक मातम में तब्दील हो गया। नारायणी नदी के तट पर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर के पास लगे भैसहा मेले में हजारों की भीड़ उमड़ी थी। चैत्र पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर पूर्वांचल के कोने-कोने समेत पड़ोसी देश नेपाल और बिहार से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।

किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल वहां का मंजर खौफनाक होने वाला है। मेले में लगा एक विशाल झूला अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे पूरा इलाका चीखों से दहल उठा। यह हादसा इतना भीषण था कि मेले की रौनक मिनटों में खत्म हो गई और वहां चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

लापरवाही के कारण हुआ हादसा

हादसे की जो जानकारी सामने आ रही है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है। लोगों की मानें तो, झूला चलने के कुछ ही देर बाद उसमें से अजीब सी आवाजें आने लगी थीं। बताया जा रहा है कि तीन-चार बार घूमने के बाद ही झूला चरमराने लगा था, जो किसी बड़े खतरे का साफ संकेत था। वहां मौजूद लोगों ने चेतावनी भी दी, लेकिन झूला ऑपरेटर ने इस पर ध्यान नहीं दिया और अपनी जिद पर झूला घुमाता रहा। इसी लापरवाही का नतीजा यह हुआ कि कुछ ही पलों में झूला टूट गया और उसमें ऊंचाई पर बैठे लोग सीधे जमीन पर आ गिरे। इस दर्दनाक हादसे में 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिनमें मासूम बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।

आधी रात को मची भगदड़

झूला गिरते ही मेले में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, संकट की इस घड़ी में स्थानीय लोगों और प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबे घायलों को निकालने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया गया।

जिले से तत्काल 108 एंबुलेंस की छह गाड़ियां बुलाई गईं, जिन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। कुछ घायलों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जबकि जिनकी हालत अधिक नाजुक थी, उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

विधायक विवेकानंद पांडेय ने बताया कि इस घटना से महज दो घंटे पहले सिसवा गोपाल में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। एक ही दिन में हुए इन दो हादसों ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। विधायक ने घायलों के समुचित इलाज का आश्वासन दिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com