जो मुझे जीजा मानते हैं, वही फैजल खान कहते हैं...पहली बार नाम विवाद पर बोले खान सर, फायरिंग मामले पर कही ये बात

Khan Sir Firing Case: खान सर ने पहली बार अपने असली नाम फैजल खान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छात्र आज भी उन्हें 'खान सर' के नाम से ही जानते हैं और फायरिंग मामले पर भी बात की।
khan sir Firing Case
खान सर(Image- Social Media)
Updated on

Khan Sir on Firing Case: बिहार की राजधानी पटना में फायरिंग मामले को लेकर चर्चा में आए मशहूर शिक्षक खान सर ने पहली बार अपने मूल नाम फैजल खान को लेकर चल रही बहस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनके छात्र आज भी उन्हें सिर्फ 'खान सर' के नाम से जानते हैं, जबकि कुछ लोग जानबूझकर उन्हें उनके असली नाम से संबोधित कर रहे हैं।

एक पॉडकास्ट के दौरान जब उनसे पूछा गया कि उन्हें 'खान सर' कहा जाए या 'फैजल खान', तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "जिन बच्चों को मैंने पढ़ाया है, उनके लिए मैं आज भी खान सर हूं। लेकिन जो मुझे अपना जीजा मानते हैं, वे मुझे फैजल खान कहते हैं।"

फायरिंग मामले पर भी दिया जवाब

खान सर ने अपने कोचिंग संस्थान के बाहर हुई फायरिंग की घटना पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर कई लोग बिना पूरी जानकारी के बयान दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर गोलीबारी नहीं हुई होती तो क्या वह खुद झूठ बोलते? साथ ही उन्होंने कहा कि मामले में जिन लोगों के नाम सामने आए, उनके खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज थे।

रौशन आनंद पर साधा निशाना

रौशन आनंद का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ लोग घटना से कई किलोमीटर दूर बैठकर भी ज्ञान दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई शिक्षक उनकी लोकप्रियता से परेशान हैं और इसी वजह से उनके खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है। खान सर ने कहा कि कुछ लोग उनकी तरह सफल होना चाहते थे, लेकिन जब ऐसा नहीं हो पाया तो वे विरोधी बन गए।

अग्रिम जमानत मिल चुकी है

पटना स्थित उनके कोचिंग संस्थान के बाहर हुई फायरिंग के मामले में बाद में खान सर, उनके कुछ कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी। मामला अदालत पहुंचा, जहां से उन्हें अग्रिम जमानत मिल चुकी है। हालांकि, इस मामले की जांच अभी भी जारी है।

कौन हैं खान सर?

खान सर देश के सबसे लोकप्रिय ऑनलाइन शिक्षकों में गिने जाते हैं। पटना में कोचिंग चलाने के साथ-साथ उनका यूट्यूब चैनल भी करोड़ों छात्रों के बीच बेहद लोकप्रिय है। सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले उनके वीडियो नियमित रूप से लाखों-करोड़ों बार देखे जाते हैं। हालांकि, हाल के दिनों में फायरिंग प्रकरण के चलते उनका नाम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

Navbharat Live
navbharatlive.com