जीतन राम मांझी की समधन ज्योति मांझी पर हमला, प्रचार के दौरान फेंके पत्थर, सीने में लगी चोट
Election Violence: बाराचट्टी में 'हम' प्रत्याशी ज्योति मांझी पर चुनाव प्रचार के दौरान हमला, पुलिस जांच में जुटी, जीतन राम मांझी ने की निंदा।
- Written By: अर्पित शुक्ला
ज्योति मांझी
Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच गया जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र से ‘हम’ (सेक्युलर) की प्रत्याशी और वर्तमान विधायक ज्योति मांझी पर बुधवार शाम जानलेवा हमला हुआ। यह घटना बाराचट्टी थाना क्षेत्र के मायापुर सुलेबट्टा के पास उस समय हुई, जब वह चुनाव प्रचार के दौरान एक खुली गाड़ी में यात्रा कर रही थीं। इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
असामाजिक तत्वों ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, ज्योति मांझी अपने समर्थकों के साथ मायापुर सुलेबट्टा इलाके से गुजर रही थीं, जब सड़क किनारे खड़ी भीड़ में से कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके वाहन पर अचानक ईंट और पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इनमें से एक पत्थर सीधे ज्योति मांझी के सीने में लग गया, जिससे वह घायल हो गईं। इस हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और उनके समर्थकों ने तुरंत उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के तुरंत बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। इस हमले ने चुनावी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
पीठ पर छूरा घोंपना कांग्रेस का काम…बंगाल की जीत से गदगद हुए PM मोदी, बेंगलुरु में गिनाई भाजपा की उपलब्धियां
मॉर्गन स्टेनली ने की बड़ी भविष्यवाणी, परमाणु ऊर्जा बनेगा भारत का ‘गेम चेंजर’, 2047 तक के लिए तैयार है प्लान
एम्स दिल्ली छोड़कर क्यों जा रहे हैं डॉक्टर? भारत के सबसे बड़े अस्पताल में किस खेल का शिकार हो रहे मरीज
आज की ताजा खबर 10 मई LIVE: आज तमिलनाडु में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे TVK प्रमुख विजय
बता दें कि ज्योति मांझी केंद्रीय मंत्री और ‘हम’ के संस्थापक जीतन राम मांझी की समधन हैं, जिससे यह मामला और भी अधिक गंभीर बन जाता है। उनकी सुरक्षा को लेकर उठे सवालों ने चुनावी वातावरण को और भी संवेदनशील बना दिया है।
जीतन राम मांझी ने की कड़ी निंदा
बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान बाराचट्टी में हुए जानलेवा हमले पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। जीतन राम मांझी ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बिहार की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और चुनावी माहौल को नुकसान पहुंचाती हैं। घटना के बाद ज्योति मांझी की हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि इस हमले के कारण पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- हिंदुओं का अपमान नहीं करूंगा सहन, खेसारी लाल यादव के बयान पर निरहुआ ने भरी हुंकार
कौन हैं ज्योति मांझी?
ज्योति देवी (मांझी) हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संस्थापक जीतन राम मांझी की समधन हैं, और इस नाते वह बिहार के एक प्रमुख राजनीतिक परिवार का हिस्सा हैं। इस पारिवारिक पृष्ठभूमि और उनकी जमीनी पकड़ के कारण वह बाराचट्टी की राजनीति में एक मजबूत चेहरा मानी जाती हैं। वह 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए समर्थित ‘हम’ पार्टी की उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में हैं।
