चिराग पासवान की पार्टी में भूचाल, लोजपा आर के 38 पदाधिकारियों का एक साथ इस्तीफा

Chirag Paswan: लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को उनके गढ़ में बड़ा झटका लगा है। पार्टी के 38 कार्यकर्ताओं ने एक साथ सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।
चिराग पासवान को बड़ा झटका, लोजपा आर के 38 पदाधिकारियों का एक साथ इस्तीफा
लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

LJPR officials resignation: लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को उनके घर खगड़िया में बड़ा झटका लगा है। पार्टी के 38 नेताओं ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है, जिसमें प्रदेश महासचिव रतन पासवान भी शामिल हैं। इस्तीफे के पीछे खगड़िया सांसद राजेश वर्मा की कार्यशैली को नाराजगी की मुख्य वजह बताया जा रहा है। चिराग के पिता रामविलास पासवान ने यहीं पार्टी की नींव रखी थी। जिला अध्यक्ष के मनोनयन को इस मामले की ताजा वजह बताया जा रहा है।

दरअसल, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने 23 जुलाई को मनीष कुमार उर्फ नाता सिंह को पार्टी का जिला अध्यक्ष बनाया था। आरोप है कि यह काम खगड़िया सांसद राजेश वर्मा के इशारे पर किया गया। इससे नाराज होकर पार्टी पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया। एक खुला पत्र भी जारी किया गया है जिसमें कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं से भावुक अपील की गई है।

लोजपा के 38 पदाधिकारियों का एक साथ इस्तीफा

नए जिला अध्यक्ष के विरोध में खगड़िया के बलुआही में एक बैठक आयोजित की गई। इसके बाद लोजपा के 38 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वालों में पूर्व जिला अध्यक्ष शिवराज यादव, प्रदेश महासचिव रतन पासवान, युवा जिला अध्यक्ष सुजीत पासवान समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। शिवराज यादव ने बताया कि सभी सात प्रखंड अध्यक्षों ने भी इस्तीफा दे दिया है और इस संबंध में एक खुला पत्र भी जारी किया गया है। चिराग पासवान के लिए इस तरह से एक साथ विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं का पार्टी से इस्तीफा देना अच्छी बात नहीं है।

सांसद से नाराजगी रही मुख्य वजह

उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी सदस्य खगड़िया सांसद राजेश वर्मा के व्यवहार से नाराज हैं। सांसद की अभद्र भाषा के कारण सामूहिक रूप से इस्तीफे का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि सांसद कार्यकर्ताओं का अपमान करते हैं। प्रदेश महासचिव रतन पासवान ने कहा कि सामूहिक इस्तीफे का मुख्य कारण खगड़िया सांसद और उनके प्रतिनिधि का नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार है और उनकी इसी वजह से सभी नेताओ ने इस्तीफा दे दिया है।

लोजपा के गढ़ में ही पार्टी की स्थिति खराब

बता दें कि खगड़िया लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान की धरती है। यहीं उन्होंने अपनी पार्टी की नींव रखी थी। बाद में इसका विस्तार किया गया। खगड़िया में ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है। इस बीच, खगड़िया सांसद के प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. पवन जायसवाल ने कहा कि मनीष कुमार को जिलाध्यक्ष बनाने का फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का है और कुछ लोग स्वार्थ की राजनीति करके बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं। मामले की विस्तृत जानकारी शीर्ष नेतृत्व को दी जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com