Bihar Crime Update Saran Triple Murder Case: बिहार के सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दो गुटों के बीच हुए भयानक खूनी संघर्ष से इलाके में सनसनी फैल गई है। पछुआ गांव और परसागढ़ बाजार के बीच वर्चस्व को लेकर हुए इस विवाद में जमकर चाकूबाजी हुई, जिसमें तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान पछुआ निवासी रमेश कुमार यादव (35), मुकेश यादव (25) और छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर कुमार उर्फ धोनी (22) के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल विवेक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार शाम मुख्य सड़क पर कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन देर रात दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए।
इसके बाद उनके बीच मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते चाकूबाजी होने लगी। इस घटना में अंकुर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य घायलों को इलाज के लिए एकमा के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान दोनों पक्षों के लोग फिर भिड़ गए। वहां भी मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई।
इसके बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान रमेश यादव और मुकेश यादव ने दम तोड़ दिया। इस तरह घटना में अब तक तीन लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।
बिहार पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम मुख्य सड़क पर शुरू हुई मामूली कहासुनी देर रात खूनी झड़प में बदल गई। निजी नर्सिंग होम और छपरा सदर अस्पताल ले जाते समय घायलों के बीच दोबारा मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई।
घटना के बाद इलाके में व्याप्त भारी तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। एकमा थाना प्रभारी राम बालक यादव और एसडीपीओ ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और शामिल उपद्रवियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
एकमा थाना प्रभारी राम बालक यादव ने रविवार को मीडिया से बातचित में बताया कि शुरुआती जांच में मामला दो युवा गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर हुए विवाद का लग रहा है। हालांकि, पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एकमा सदर-2 के एसडीपीओ भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस के अनुसार, घटना में एक पक्ष के दो और दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है।