बिहार में फिर नाबालिग युवती से बदसलूकी, जमुई और समस्तीपुर के बाद बांका से मनचलों की करतूत वायरल, FIR दर्ज

Bihar Girl Harassment Case: जमुई और समस्तीपुर के बाद बांका के मंदार हिल से लड़की से छेड़छाड़ का वीडियो हुआ वायरल। पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज।
Banka Mandar Hill Viral Video
बिहार के बांका में नाबालिग युवती से बदसलूकी का वीडियो वायरल(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Banka Mandar Hill Viral Video: बिहार के जमुई और समस्तीपुर जिलों में सामने आईं लड़की के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की घटनाओं के बाद अब बांका जिले के मंदार हिल में एक लड़की से छेड़छाड़ और बदसलूकी का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बौंसी पुलिस ने छह से सात अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इन घटनाओं बिहार में महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बिहार के मंदार हिल का वीडियो

पुलिस के मुताबिक, यह वीडियो सोशल मीडिया सेल को व्हाट्सऐप के जरिए मिला था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बौंसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा पुलिस टीम के साथ मंदार हिल पहुंचे और जगह का सत्यापन किया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पुष्टि हुई है कि वीडियो बिहार के बांका जिले के मंदार हिल पर ही रिकॉर्ड किया गया है। 

हालांकि अधिकारियों का मानना है कि यह वीडियो हाल का नहीं है और आशंका है कि यह घटना इसी साल अप्रैल में हुई होगी। वीडियो में छह से सात अज्ञात युवक एक लड़की के साथ अनुचित व्यवहार करते दिख रहे हैं। पुलिस अभी तक वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान नहीं कर पाई है। जांचकर्ता स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान हो सके और घटना के बारे में पता चल सके।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

बौंसी थाने में थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा की लिखित शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। अज्ञात आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76 और 3(5) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66ई और 67ए के तहत केस दर्ज किया गया है।

Banka Mandar Hill Viral Video
बिहार में नहीं थम रहीं महिलाओं से अभद्रता की घटनाएं, जमुई-समस्तीपुर के बाद दरभंगा में छात्रा से सरेराह बदसलूकी

पुलिस ने वीडियो को सबूत के तौर पर सुरक्षित कर लिया है और इसकी उत्पत्ति, इसमें शामिल लोगों की पहचान और इसे रिकॉर्ड तथा सर्कुलेट करने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस वीडियो या लड़की की पहचान उजागर करने वाली किसी भी सामग्री को शेयर न करें। 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com