PM मोदी (Image- Social Media)
PM Modi Assassination Plot: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की कथित साजिश के आरोप में बिहार पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का मुख्य आरोपी अमन तिवारी बताया जा रहा है, जिसने कथित तौर पर CIA को ई-मेल भेजकर प्रधानमंत्री की हत्या का प्रस्ताव रखा और इसके बदले मोटी रकम की मांग की।
पुलिस ने अमन को बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल के सिमरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है, साथ ही उनके संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है।
बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने बताया कि खुफिया इनपुट के आधार पर अमन के ई-मेल की जानकारी मिली थी। आरोपी ने कथित तौर पर PM मोदी की हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए 22 दिनों का समय मांगा था। पूछताछ के बाद उसके दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि अमन तिवारी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। वह पहले कोलकाता एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। वर्ष 2022 में भी उसने इसी तरह की साजिश रची थी, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। उस समय नाबालिग होने के कारण उसे कानूनी राहत मिल गई थी।
यह भी पढ़ें- असम चुनाव: वोटिंग के दौरान तामुलपुर और शिवसागर में हिंसा, पुलिस ने की फायरिंग; 7 लोगों को किया गिरफ्तार
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस साजिश के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है। मामले की जांच साइबर एंगल से भी की जा रही है और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी पड़ताल जारी है। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही हैं। आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।