बिहार में 15 अगस्त को 30 हजार भूमिहीनों को मिलेगी जमीन! सम्राट सरकार का 'अभियान बसेरा-2' प्लान तैयार

Bihar Government News: बिहार सरकार 15 अगस्त को 'अभियान बसेरा-2' के तहत 30 हजार भूमिहीन परिवारों को वासभूमि का प्रमाण-पत्र देगी। अब तक 71 हजार परिवारों को इस योजना का लाभ मिल चुका है।
30,000 landless people will receive land in Bihar on August 15th! The government's "Abhiyaan Basera-2" plan is ready.
सम्राट चौधरी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Bihar Government Scheme Abhiyan Basera 2: बिहार सरकार आगामी 15 अगस्त को राज्य के 30 हजार भूमिहीन परिवारों को अपने घर की जमीन का अधिकार देने जा रही है। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को बताया कि 'अभियान बसेरा-2' के तहत पात्र परिवारों को वासभूमि का बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि राज्य का कोई भी पात्र भूमिहीन परिवार वासभूमि के अधिकार से वंचित न रहे।

मंत्री के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक 71 हजार से अधिक परिवारों को लाभ मिल चुका है, जबकि स्वतंत्रता दिवस पर विशेष अभियान चलाकर 30 हजार नए लाभुकों को जोड़ा जाएगा। प्रमाण-पत्र वितरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के जरिए पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी और जिला मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में लाभुकों को प्रमाण-पत्र सौंपे जाएंगे।

31 जुलाई तक पूरी होगी प्रमाण-पत्र तैयारी प्रक्रिया

मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि इस संबंध में विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी जिलों को लाभुकों की सूची का पुनरीक्षण कर अंतिम रूप देने, नए पात्र परिवारों का 'अभियान बसेरा' पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित कराने तथा 31 जुलाई तक सभी बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र तैयार कर हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रमाण पत्र वितरण की पूरी प्रक्रिया 'अभियान बसेरा' पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित होगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। 15 अगस्त को जिला मुख्यालयों में आयोजित मुख्य समारोह अथवा विशेष शिविरों में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की मौजूदगी में लाभुकों को प्रमाण-पत्र सौंपे जाएंगे।

'अभियान बसेरा-2' के तहत चल रहा अभियान

उन्होंने आगे कहा कि अभियान की प्रगति की मुख्यालय स्तर पर प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी। साथ ही सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे स्वयं अभियान की नियमित निगरानी करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करते हुए साप्ताहिक प्रगति प्रतिवेदन विभाग को उपलब्ध कराएं।

जायसवाल ने बताया कि विभाग ने बिहार राज्य के सभी 38 जिलों के लिए कुल 30 हजार बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। सर्वाधिक लक्ष्य पटना को 1,709, पूर्वी चंपारण को 1,493, मुजफ्फरपुर को1,405, मधुबनी को 1,314, गया को 1,285, समस्तीपुर को 1,247, सारण को 1,157 और दरभंगा को 1,153 दिया गया है।

30 हजार परिवारों को मिलेगा प्रमाण-पत्र

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर 30 हजार भूमिहीन परिवारों को वासभूमि का अधिकार देकर उनके जीवन में स्थायी सुरक्षा और सम्मान का नया अध्याय जोड़ा जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र परिवार इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com