बिहार में नई सरकार की कवायद तेज! इस्तीफे से पहले CM नीतीश का दिल्ली दौरा; मोदी-शाह के साथ अहम मुलाकात
Nitish Kumar: भाजपा ने बिहार में आगामी सरकार के गठन को लेकर अहम बैठक बुलाई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह बैठक 10 अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी।
- Written By: मनोज आर्या
बिहार के सीएम नीतीश कुमार और पीएम नरेंद्र मोदी, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Nitish Kumar Will Meet PM Modi In Delhi: बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से पहले नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। सीएम नीतीश कुमार का गुरुवार को दिल्ली दौरा प्रस्तावित है। शुक्रवार, 10 अप्रैल को उनका राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण होगा। 11 अप्रैल को उनका वापस पटना लौटने का कार्यक्रम है। इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी में उनकी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात संभव है। इस दौरान बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा हो सकती है।
नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार अपने आगामी दिल्ली दौरे में पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह से भी मुलाकात करेंगे। हालांकि, बैठक की तारीख और समय अभी तय नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री पद से कब इस्तीफा देंगे नीतीश?
वहीं, जेडीयू के वरीय नेता एवं मंत्री विजय चौधरी ने बुधवार को पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि नीतीश (Nitish Kumar) के कल (9 अप्रैल) को पटना से दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। शुक्रवार को वे राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार पटना लौटने के बाद किसी भी दिन मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। वह एमएलसी पद पहले ही छोड़ चुके हैं।
सम्बंधित ख़बरें
PM मोदी से दोस्ती सम्मान की बात…रुबियो को ट्रंप का अचानक आया वीडियो कॉल, बोले- मुझ पर भरोसा कर सकता है भारत
PM Modi Security: PM मोदी की सुरक्षा चूक मामले में बड़ी कार्रवाई, लापरवाही के आरोप में 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
फाल्टा सीट की रिकॉर्ड जीत पर भावुक हुए पीएम मोदी, देबांग्शु पांडा को दी खास बधाई, कहा- ये लोकतंत्र की जीत
I Love Modi…ट्रंप ने दिल्ली में मार्को रुबियो को किया वीडियो कॉल, खुद को बताया PM मोदी का बड़ा फैन
बीते 16 मार्च को उन्होंने राज्यसभा का चुनाव जीता था और 30 मार्च को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। नीतीश पूर्व में कह चुके हैं कि वह अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे हैं और बिहार में नई सरकार को मार्गदर्शन देते रहेंगे।
क्या अगले मुख्यमंत्री को लेकर होगी चर्चा?
नीतीश कुमार गुरुवार दोपहर को पटना से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली में वे पीएम मोदी और मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर जाकर मुलाकात कर सकते हैं। यह मुलाकात शिष्टाचार भेंट होगी। इस दौरान एनडीए के शीर्ष नेताओं के बीच बिहार में मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम और एनडीए की नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा भी की जा सकती है। नीतीश के बाद अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर भी मोदी और शाह से सीएम की बात हो सकती है। हालांकि, आधिकारिक रूप से इस संभावित मुलाकात के बारे में कुछ नहीं कहा गया है।
पटना में NDA विधान मंडल दल की बैठक
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के दिल्ली से लौटने के बाद पटना में कोई एक दिन तय कर एनडीए विधान मंडल दल की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें नीतीश सीएम पद छोड़ने की औपचारिक जानकारी सभी विधायकों को देंगे। फिर, राज्यपाल के पास जाकर अपना त्यागपत्र दे देंगे।
इसके बाद बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नीतीश (Nitish Kumar) के इस्तीफे के बाद मौजूदा मंत्रिपरिषद भी स्वतः भंग हो जाएगा। राज्य में नए सिरे से एनडीए की सरकार का गठन होगा। खरमास खत्म होने पर 15 अप्रैल के बाद नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल का ‘शुभ मुहूर्त’ में शपथ ग्रहण संभव है।
दिल्ली में तय होगा बिहार का अगला सीएम?
वहीं, भाजपा ने भी बिहार में आगामी सरकार के गठन को लेकर दिल्ली में अहम बैठक बुलाई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह बैठक 10 अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। इसमें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा के अलावा प्रदेश के सभी वरीय नेता मौजूद रहेंगे। इसमें बिहार में आगामी मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चर्चा हो सकती है।
यह भी पढ़ें: बिहार के नालंदा में NIA की बड़ी कार्रवाई, 10 ठिकानों पर चल रहा सर्च ऑपरेशन, हथियार तस्करी से जुड़ा है मामला
नीतीश के बाद बिहार में भाजपा का सीएम बनना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि, अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर अभी मुहर नहीं लगाई गई है। नई सरकार में जेडीयू से डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है। नए मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम के नामों का ऐलान नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद ही किया जाएगा।
