नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Chief Ministers List Of Bihar: बिहार की राजनैतिक यात्रा भारतीय लोकतंत्र की एक अनूठी मिसाल है। आधुनिक बिहार की नींव तब पड़ी जब 1 अप्रैल 1936 को बिहार और उड़ीसा का विभाजन किया गया। भारत सरकार अधिनियम 1935 के तहत यहां द्विसदनी सरकार की व्यवस्था की गई, जिसमें विधानसभा और विधान परिषद दोनों शामिल थे।
शुरुआती दौर में सरकार के मुखिया को प्रीमियर या प्रमुख कहा जाता था। इसी व्यवस्था के तहत 1 अप्रैल 1937 को मोहम्मद यूनुस बिहार के पहले प्रीमियर बने, हालांकि उनका कार्यकाल केवल 3 माह और 19 दिन का रहा। इसके बाद श्रीकृष्ण सिंह ने कमान संभाली, जिन्हें आधुनिक बिहार का निर्माता भी माना जाता है।
स्वतंत्रता के बाद का नेतृत्व और स्थिरता 26 जनवरी 1950 को जब भारत का संविधान लागू हुआ, तब श्रीकृष्ण सिंह बिहार के पहले विधिवत मुख्यमंत्री बने। उन्होंने 31 जनवरी 1961 तक यानी लगभग 11 वर्षों तक राज्य का नेतृत्व किया। उनके बाद दीप नारायण सिंह और बिनोदानंद झा जैसे नेताओं ने सत्ता संभाली। 1960 के दशक के मध्य में बिहार की राजनीति में अस्थिरता का दौर भी देखा गया, जब महामाया प्रसाद सिन्हा और सतीश प्रसाद सिंह जैसे नेताओं के कार्यकाल बहुत संक्षिप्त रहे। सतीश प्रसाद सिंह का कार्यकाल मात्र 5 दिनों का था, जो बिहार के इतिहास में सबसे छोटा कार्यकाल माना जाता है।
1970 और 80 के दशक में बिहार ने कई महत्वपूर्ण राजनैतिक बदलाव देखे। इस दौरान भोला पासवान शास्त्री, दरोगा प्रसाद राय और कर्पूरी ठाकुर जैसे जमीनी नेताओं का उदय हुआ। कर्पूरी ठाकुर को बिहार में सामाजिक न्याय की अलख जगाने के लिए आज भी याद किया जाता है।
इसी कालखंड में जगन्नाथ मिश्र और रामसुंदर दास जैसे नेताओं ने भी मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली। 1980 के दशक के अंत तक कांग्रेस का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने लगा और क्षेत्रीय दलों की ताकत बढ़ने लगी।
1990 का दशक बिहार की राजनीति के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित हुआ। 10 मार्च 1990 को लालू प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और यहां से जनता दल का दौर शुरू हुआ। उन्होंने दो कार्यकालों में लगभग सात वर्षों तक शासन किया। इसके बाद उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने सत्ता संभाली, जो बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं। उनके कार्यकाल के दौरान ही 15 नवंबर 2000 को बिहार का विभाजन हुआ और एक नया राज्य ‘झारखंड’ अस्तित्व में आया, जिससे बिहार की भौगोलिक और आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आया।
साल 2000 में नीतीश कुमार पहली बार मुख्यमंत्री बने, हालांकि उनका वह कार्यकाल मात्र 7 दिनों का था। लेकिन 2005 के बाद से बिहार की राजनीति नीतीश कुमार के इर्द-गिर्द सिमट गई। उन्होंने विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ा और जनता दल (यूनाइटेड) के नेतृत्व में एक स्थिर सरकार दी। बीच में कुछ समय के लिए जीतन राम मांझी मुख्यमंत्री बने, लेकिन फरवरी 2015 में नीतीश कुमार ने फिर से कमान संभाली और 14 अप्रैल 2026 को सीएम की कुर्सी छोड़ दी।
| क्रमांक | नाम | कार्यकाल (शुरुआत) | कार्यकाल (समाप्ति) | दल |
|---|---|---|---|---|
| 1 | श्रीकृष्ण सिंह | 26 जनवरी 1950 | 31 जनवरी 1961 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 2 | दीप नारायण सिंह | 1 फरवरी 1961 | 18 फरवरी 1961 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 3 | बिनोदानंद झा | 18 फरवरी 1961 | 2 अक्टूबर 1963 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 4 | कृष्ण वल्लभ सहाय | 2 अक्टूबर 1963 | 5 मार्च 1967 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 5 | महामाया प्रसाद सिन्हा | 5 मार्च 1967 | 28 जनवरी 1968 | जन क्रान्ति दल |
| 6 | सतीश प्रसाद सिंह | 28 जनवरी 1968 | 1 फ़रवरी 1968 | शोषित दल |
| 7 | बिन्देश्वरी प्रसाद मंडल | 1 फरवरी 1968 | 22 मार्च 1968 | शोषित दल |
| 8 | भोला पासवान शास्त्री | 22 मार्च 1968 | 29 जून 1968 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| – | राष्ट्रपति शासन | 29 जून 1968 | 26 फ़रवरी 1969 | – |
| 9 | हरिहर सिंह | 26 फ़रवरी 1969 | 22 जून 1969 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 10 | भोला पासवान शास्त्री | 22 जून 1969 | 4 जुलाई 1969 | कांग्रेस (ओ) |
| – | राष्ट्रपति शासन | 6 जुलाई 1969 | 16 फ़रवरी 1970 | – |
| 11 | दरोगा प्रसाद राय | 16 फ़रवरी 1970 | 22 दिसम्बर 1970 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 12 | कर्पूरी ठाकुर | 22 दिसम्बर 1970 | 2 जून 1971 | सोशलिस्ट पार्टी |
| 13 | भोला पासवान शास्त्री | 2 जून 1971 | 9 जनवरी 1972 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| – | राष्ट्रपति शासन | 9 जनवरी 1972 | 19 मार्च 1972 | – |
| 14 | केदार पांडे | 19 मार्च 1972 | 2 जुलाई 1973 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 15 | अब्दुल गफ़ूर | 2 जुलाई 1973 | 11 अप्रैल 1975 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 16 | जगन्नाथ मिश्र | 11 अप्रैल 1975 | 30 अप्रैल 1977 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| – | राष्ट्रपति शासन | 30 अप्रैल 1977 | 24 जून 1977 | – |
| 17 | कर्पूरी ठाकुर | 24 जून 1977 | 21 अप्रैल 1979 | जनता पार्टी |
| 18 | रामसुंदर दास | 21 अप्रैल 1979 | 17 फ़रवरी 1980 | जनता पार्टी |
| – | राष्ट्रपति शासन | 17 फ़रवरी 1980 | 8 जून 1980 | – |
| 19 | जगन्नाथ मिश्र | 8 जून 1980 | 14 अगस्त 1983 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 20 | चंद्रशेखर सिंह | 14 अगस्त 1983 | 12 मार्च 1985 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 21 | बिंदेश्वरी दुबे | 12 मार्च 1985 | 13 फ़रवरी 1988 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 22 | भागवत झा आजाद | 14 फ़रवरी 1988 | 10 मार्च 1989 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 23 | सत्येन्द्र नारायण सिन्हा | 11 मार्च 1989 | 6 दिसम्बर 1989 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 24 | जगन्नाथ मिश्र | 6 दिसम्बर 1989 | 10 मार्च 1990 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
| 25 | लालू प्रसाद यादव | 10 मार्च 1990 | 25 जुलाई 1997 | जनता दल / राजद |
| 26 | राबड़ी देवी | 25 जुलाई 1997 | 11 फ़रवरी 1999 | राष्ट्रीय जनता दल |
| – | राष्ट्रपति शासन | 11 फ़रवरी 1999 | 9 मार्च 1999 | – |
| 27 | राबड़ी देवी | 9 मार्च 1999 | 2 मार्च 2000 | राष्ट्रीय जनता दल |
| 28 | नितीश कुमार | 3 मार्च 2000 | 10 मार्च 2000 | समता पार्टी |
| 29 | राबड़ी देवी | 11 मार्च 2000 | 6 मार्च 2005 | राष्ट्रीय जनता दल |
| – | राष्ट्रपति शासन | 7 मार्च 2005 | 24 नवम्बर 2005 | – |
| 30 | नितीश कुमार | 24 नवम्बर 2005 | 20 मई 2014 | जनता दल (यूनाइटेड) |
| 31 | जीतन राम मांझी | 20 मई 2014 | 22 फ़रवरी 2015 | जनता दल (यूनाइटेड) |
| 32 | नीतीश कुमार | 22 फ़रवरी 2015 | 14 अप्रैल 2026 | जनता दल (यूनाइटेड) |
यह भी पढ़ें: बिहार में नए मुख्यमंत्री का नाम लगभग तय, वो 5 कारण; जिसने सम्राट चौधरी को बनाया सबसे मजबूत दावेदार
अब पहली बार राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री का बनने जा रहा है। सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लग गई है और वे 15 अप्रैल को शपथ लेंगे। लालू यादव- नीतीश कुमार जैसे समाजवादी नेताओं के बाद बिहार में सम्राट चौधरी को एनडीए ने मुख्यमंत्री के रूप में चुना है।