Bihar Assembly Budget: बिहार विधानसभा में आर्थिक सर्वे होगा पेश, व्हीलचेयर पर पहुंचे तेजस्वी, सीएम ने जाना हाल

Bihar Assembly Budget Session 2026: बिहार विधानसभा का बजट सत्र 2 फरवरी से शुरू हो गया है। पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सीएम नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के बीच गर्मजोशी भी दिखी।
Bihar Assembly Budget Session 2026
नेताओं के साथ नीतीश कुमार, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Bihar Economic Survey 2026: बिहार में नई एनडीए सरकार का पहला बजट सत्र सोमवार, 2 फरवरी से शुरू हो गया है, जो 27 फरवरी तक चलेगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण से हुई, जिसमें उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था और विकास का रोडमैप पेश किया। इस दौरान सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के साथ-साथ कुछ हल्के पल भी देखने को मिले।

बजट सत्र के पहले दिन सबसे ज्यादा चर्चा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की रही। तेजस्वी यादव के पैर के अंगूठे का हाल ही में ऑपरेशन हुआ है, जिसके कारण वे व्हील चेयर पर बैठकर सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे। सदन के अंदर एक तस्वीर तब दिखी जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी का हालचाल पूछा और तेजस्वी ने मुस्कुराते हुए इशारों में 'ठीक है' कहा। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान जब कानून-व्यवस्था का जिक्र आया, तो राज्यपाल, मुख्यमंत्री और तेजस्वी तीनों ही मुस्कुराते नजर आए।

राज्यपाल का अभिभाषण: पुलिस बल और विकास पर जोर

सेंट्रल हॉल में दिए गए अपने अभिभाषण में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि बिहार में 'कानून का राज' है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 2005 के बाद से पुलिस बल की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है और अब यह 1 लाख 30 हजार तक पहुंच गई है। राज्यपाल ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि बिहार में महिला पुलिस बल की संख्या देश में सबसे ज्यादा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया है, हालांकि इस पर एआईएमआईएम (AIMIM) विधायक अख्तरुल ईमान ने खड़े होकर विरोध जताया।

NEET छात्रा केस पर विपक्ष का प्रदर्शन

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी कर ली थी। कांग्रेस और लेफ्ट के विधायक विधानसभा परिसर में नीट छात्रा रेप-मौत केस को लेकर पोस्टर के साथ प्रदर्शन करते नजर आए। विपक्ष के विधायकों ने राज्यपाल के भाषण के दौरान भी 'नीट छात्रा को इंसाफ कब मिलेगा' के नारे लगाए। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने दोषियों को फांसी देने की मांग की, जबकि डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने स्पष्ट किया कि केस सीबीआई (CBI) को सौंप दिया गया है और आरोपी बचेंगे नहीं।

बजट सत्र का कार्यक्रम: कल आएगा बजट

सत्र के पहले दिन सरकार की ओर से आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा। बजट सत्र का मुख्य आकर्षण कल यानी 3 फरवरी को होगा, जब वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव वित्तीय वर्ष 2026-27 का राज्य बजट पेश करेंगे।

• आज यानी 2 फरवरी: आर्थिक सर्वेक्षण और राज्यपाल का अभिभाषण।

• 3 फरवरी: बिहार का वार्षिक बजट।

• 5 फरवरी: राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा और मतदान। इस सत्र के दौरान कुल 19 बैठकें आयोजित की जाएंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com