

Highlight:
अब इन सभी कामों के लिए भारतीय रेलवे का Rail One App मौजूद है।
ऐप के जरिए टिकट बुकिंग, PNR स्टेटस, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस और शिकायत दर्ज कर सकते है।
Rail One App को भारतीय रेलवे ने 1 जुलाई 2025 को लॉन्च किया था।
Rail One App Features: भारतीय रेलवे से हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं। किसी को रिजर्वेशन टिकट बुक करना होता है तो किसी को जनरल टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट की जरूरत पड़ती है। वहीं ट्रेन कहां पहुंची है और कितनी लेट है इसकी जानकारी के लिए भी अलग-अलग ऐप का इस्तेमाल करना पड़ता है। लेकिन अब इन सभी कामों के लिए भारतीय रेलवे का Rail One App मौजूद है। इस ऐप के जरिए टिकट बुकिंग से लेकर PNR स्टेटस, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस और शिकायत दर्ज कराने तक की सुविधा मिलती है। खास बात यह है कि इसके लिए बार-बार अलग-अलग ऐप में लॉगइन करने की जरूरत नहीं पड़ती।
Rail One App को भारतीय रेलवे ने 1 जुलाई 2025 को लॉन्च किया था। इसे सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) ने विकसित किया है। इसका मकसद यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर रेलवे की जरूरी डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही इसमें सिंगल साइन-ऑन (SSO) की सुविधा मिलती है। जिसका सीधा मतलब है कि एक बार लॉगइन करने के बाद कई सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह ऐप Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध है।
इस ऐप की मदद से स्लीपर और AC क्लास के रिजर्वेशन टिकट बुक किए जा सकते हैं। इसके अलावा अनरिजर्व्ड यानी जनरल टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने का विकल्प भी मिलता है। जनरल टिकट बुक करने के लिए स्टेशन पर उपलब्ध QR कोड स्कैन करने की सुविधा भी दी गई है। वहीं ऐप में R-Wallet का विकल्प मौजूद है जिससे डिजिटल तरीके से भुगतान किया जा सकता है। रेलवे ने बताया है कि R-Wallet से अनरिजर्व्ड और प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने पर 3% की छूट भी मिलती है।
ट्रेन में सफर करने वालों के लिए यह फीचर काफी उपयोगी है। Rail One App से ट्रेन का लाइव रनिंग स्टेटस, PNR स्टेटस, कोच पोजिशन और प्लेटफॉर्म से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं। इससे स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन की स्थिति और अपना कोच ढूंढने में आसानी होती है।
सफर के दौरान कोई परेशानी होने पर Rail Madad के जरिए शिकायत या सहायता की मांग कर सकते हैं। इसके अलावा ऐप में ई-कैटरिंग की सुविधा भी है जिससे यात्री ट्रेन में अपनी सीट पर खाना ऑर्डर कर सकते हैं। सीधे तौर Rail One उन यात्रियों के लिए उपयोगी है जो टिकट बुकिंग से लेकर सफर के दौरान मिलने वाली सुविधाओं को एक ही ऐप पर इस्तेमाल करना चाहते हैं।