

Highlight:
Axis Bank ने ग्राहकों के लिए डिजिटल ऑटो लोन की नई सुविधा शुरू की है।
ग्राहकों को कार और दोपहिया वाहन के लिए लोन की राशि महज 30 मिनट में दी जाएगी।
Axis Bank कि यह सुविधा 6 नवंबर 2026 को लॉन्च की गई।
Axis Bank Car Loan: कार या बाइक खरीदने का मन है लेकिन लोन की लंबी प्रक्रिया के कारण फैसला टाल रहे हैं? तो बता दें कि ग्राहकों के लिए Axis Bank ने डिजिटल ऑटो लोन की नई सुविधा शुरू की है। इसके तहत पात्र ग्राहकों को कार और दोपहिया वाहन के लिए लोन की राशि महज 30 मिनट में मिल सकती है। साथ ही बैंक का दावा है कि इस सुविधा से वाहन चुनने से लेकर लोन की रकम डीलर तक पहुंचाने की प्रक्रिया को डिजिटल और आसान बनाया गया है। यह सुविधा 6 नवंबर 2026 को लॉन्च की गई।
Axis Bank की इस डिजिटल ऑटो लोन सुविधा के लिए बताए तो इसका लाभ बैंक के मौजूदा ग्राहकों के साथ नए ग्राहक भी उठा सकते हैं। इसके तहत पात्र आवेदकों को वाहन की कीमत का 100 फीसदी तक फंडिंग मिल सकती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हर ग्राहक को पूरी रकम का लोन मंजूर होगा। लोन की मंजूरी और राशि बैंक की पात्रता शर्तों और जांच पर निर्भर करेगी।
वहीं इस सुविधा में ग्राहक अपनी पसंद की कार या बाइक का ब्रांड और मॉडल चुन सकते हैं। इसके बाद उन्हें लोन ऑफर देखने और स्वीकार करने, डीलर चुनने, KYC पूरी करने और लोन वितरण की अनुमति देने जैसे चरण एक ही डिजिटल प्रक्रिया में पूरे करने होंगे।
बैंक ने इसको लेकर बताया है कि इस सुविधा की खास बात यह है कि लोन की राशि सीधे डीलर के खाते में ट्रांसफर की जा सकेगी। इससे ग्राहक को भुगतान की प्रक्रिया के लिए अलग-अलग जगह जाने या लंबी कागजी कार्रवाई से गुजरने की जरूरत कम होगी। लेकिन 30 मिनट का समय बैंक की ओर से बताई गई संभावित वितरण अवधि है और यह पात्रता व जरूरी प्रक्रिया पूरी होने पर निर्भर करेगा।
इस सुविधा के साथ बैंक ने त्योहारी सीजन के लिए जैसे ही मन बनाएंगे, लोन पाएंगे अभियान भी शुरू किया है। इसे Outbreaker नाम की AI आधारित क्रिएटिव एजेंसी ने तैयार किया है। साथ ही अभियान में कार और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग विज्ञापन फिल्में बनाई गई हैं जिन्हें डिजिटल और सोशल मीडिया पर प्रचारित किया जा रहा है।
इस मौके पर एक्सिस बैंक के ग्रुप हेड- व्हील्स, हेमंत नागपाल ने कहा, "आज ग्राहक चाहते हैं कि उन्हें उनकी जरूरत और फैसले के मुताबिक उतनी ही तेजी से लोन मिले। यह सुविधा बैंकिंग सेवाओं को आसान, तेज और ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप बनाने के हमारे व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है।"
वहीं बैंक के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर अनूप मनोहर ने कहा, "इच्छा और उसे पूरा करने के फैसले के बीच की दूरी अब पहले से कहीं कम हो गई है। आज के ग्राहक हर चीज तुरंत चाहते हैं और यही अपेक्षा वे जीवन के बड़े फैसलों में भी रखते हैं।"