महाराष्ट्र में ऐप आधारित टैक्सियों पर AI से नजर, ड्राइवरों की शिफ्ट और सवारी आवंटन की होगी डिजिटल निगरानी

Maharashtra App Based Cab: महाराष्ट्र में ऐप आधारित टैक्सियों, चालकों और वर्किंग ऑवर्स पर AI से नजर रखी जाएगी। सीएम फडणवीस ने पारदर्शिता व सुरक्षा के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाने के निर्देश दिए।
AI monitoring of app-based taxis in Maharashtra
महाराष्ट्र ऐप आधारित कैब, देवेंद्र फडणवीस बैठकसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • महाराष्ट्र में ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं पर डिजिटल प्लेटफॉर्म से निगरानी रखी जाएगी।

  • एआई से वाहनों के संचालन, चालकों की शिफ्ट और नियमों के पालन का विश्लेषण होगा।

  • सवारी आवंटन में स्वतंत्र चालकों और बड़ी कंपनियों के बीच निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर जोर।

Maharashtra AI Taxi Monitoring, App-Based Taxi Rules: महाराष्ट्र में ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं पर अब डिजिटल तकनीक के जरिए निगरानी रखी जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एग्रीगेटर कंपनियों के वाहनों, चालकों और उनके काम के घंटों की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के लिए अत्याधुनिक डिजिटल व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ टैक्सी सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और स्वतंत्र चालकों को समान अवसर उपलब्ध कराना है।

महाराष्ट्र एग्रीगेटर नियमावली-2026 को लेकर वर्षा निवास में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने टैक्सी वाहनों की बढ़ती संख्या, स्वतंत्र चालकों की समस्याओं और सवारी आवंटन की प्रक्रिया की समीक्षा की। बैठक में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, अपर मुख्य सचिव संजय सेठी और परिवहन आयुक्त राजेश नार्वेकर भी उपस्थित थे।

एआई से होगी वाहनों और ड्राइवरों की निगरानी

प्रस्तावित डिजिटल प्लेटफॉर्म में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए वाहनों के संचालन और चालकों की अलग-अलग पारियों यानी शिफ्ट का विश्लेषण किया जा सकेगा। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि कंपनियां निर्धारित नियमों का पालन कर रही हैं या नहीं। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित एजेंसियां समय पर कार्रवाई कर सकेंगी।

सवारी आवंटन में भेदभाव पर रहेगी नजर

बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि स्वतंत्र टैक्सी चालकों और बड़ी फ्लीट कंपनियों के वाहनों को सवारी पाने का समान अवसर मिलना चाहिए। किस वाहन को किस आधार पर सवारी आवंटित की जा रही है, इसकी जांच तकनीक के माध्यम से संभव बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे सवारी वितरण में किसी तरह के भेदभाव की पहचान की जा सकेगी।

AI monitoring of app-based taxis in Maharashtra
ठाणे में विकास कार्यों को रफ्तार: मीरा-भाईदर में बनेगा उमेद मॉल और महिला हॉस्टल, श्मशान घाट का काम शुरू

वाहन और चालक का पूरा रिकॉर्ड होगा डिजिटल

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत प्रत्येक टैक्सी का पंजीकरण, पार्किंग स्थल, चालक का लाइसेंस, पुलिस सत्यापन और अन्य जरूरी दस्तावेज डिजिटल रूप में दर्ज किए जाएंगे। इसके अलावा अलग-अलग शिफ्ट में कौन-सा चालक किस वाहन को चला रहा है, इसका रिकॉर्ड भी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा।

किसी दुर्घटना या अन्य घटना की स्थिति में संबंधित वाहन और चालक की जानकारी तत्काल मिल सके, ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया है।

AI monitoring of app-based taxis in Maharashtra
नासिक सिंहस्थ कुंभ का 31 अक्टूबर को होगा धर्म ध्वजारोहण, श्रृंगेरी पीठ के शंकराचार्य रहेंगे मौजूद

यात्रियों की सुरक्षा और रोजगार के समान अवसर

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं में यात्रियों को सुरक्षित परिवहन मिलना चाहिए और स्थानीय चालकों को रोजगार के समान अवसर उपलब्ध होने चाहिए। उन्होंने परिवहन विभाग को इस दिशा में आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।