5 डॉलर अतिरिक्त डिलीवरी चार्ज पर ममदानी ने अमेजन को घेरा (सोर्स- सोशल मीडिया)
विदेश

न्यूयॉर्क से बोरिया बिस्तर समेटेगा Amazon, 5 डॉलर अतिरिक्त डिलीवरी फीस पर बढ़ा विवाद; ममदानी ने कंपनी को घेरा

Amazon $5 Delivery Fee New York: न्यूयॉर्क में डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट को लेकर अमेजन और मेयर जोहरान ममदानी आमने-सामने हैं। 5 डॉलर अतिरिक्त शुल्क की चेतावनी पर ममदानी ने कंपनी को घेरा।

अक्षय साहू

Highlights:

  • डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट लागू होने पर अमेजन 5 डॉलर अतिरिक्त शुल्क लगा सकता है।

  • जोहरान ममदानी ने कंपनी की चेतावनी को लालच करार दिया।

  • प्रस्तावित कानून डिलीवरी कर्मचारियों की सुरक्षा और रोजगार नियमों को मजबूत करेगा।

  • अमेजन ने कानून से कारोबार, नौकरियों और डिलीवरी नेटवर्क प्रभावित होने की चेतावनी दी।

Zohran Mamdani vs Amazon Controversy: न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने अमेजन की ओर से डिलीवरी शुल्क बढ़ाने की चेतावनी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कंपनी ग्राहकों को बता रही है कि प्रस्तावित स्थानीय कानून लागू होने की स्थिति में हर ऑर्डर पर 5 डॉलर तक अतिरिक्त खर्च करना पड़ सकता है। ममदानी ने इस संभावित बढ़ोतरी को लालच बताते हुए अमेजन पर हमला बोला है। 

ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अमेजन कई ट्रिलियन डॉलर की कंपनी है और अगर जेफ बेजोस ग्राहकों के ऑर्डर में 5 डॉलर अतिरिक्त जोड़ते हैं, तो इसका कारण कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा या सड़कों को सुरक्षित बनाने की कोशिश नहीं है, बल्कि कंपनी का लालच है। उन्होंने सिटी काउंसिल से डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट पारित करने की अपील भी की।

तेज हुआ ममदानी-अमेजन का विवाद

ममदानी के बयान के बाद मेयर और अमेजन के बीच जारी सार्वजनिक विवाद को और तेज हो गया है। कंपनी प्रस्तावित कानून का विरोध करते हुए कह रही है कि इससे डिलीवरी नेटवर्क प्रभावित होगा, परिचालन खर्च बढ़ेगा और न्यूयॉर्क में हजारों नौकरियों पर संकट आ सकता है।

अमेजन क्यों बढ़ाना चाहता है डिलीवरी की कीमत?

19 नवंबर से अमेजन ने अपनी वेबसाइट और ऐप पर न्यूयॉर्क के ग्राहकों के लिए चेतावनी दिखानी शुरू की। कंपनी के मुताबिक, यदि डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट मौजूदा स्वरूप में लागू होता है, तो हर ऑर्डर पर 5 डॉलर तक अतिरिक्त शुल्क लग सकता है। इसके जरिए अमेजन ग्राहकों को सिटी काउंसिल के अपने प्रतिनिधियों से संपर्क कर प्रस्तावित कानून के खिलाफ आवाज उठाने के लिए भी प्रेरित कर रहा है। ग्राहकों को प्रतिनिधियों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए वेबसाइट और ऐप पर लिंक उपलब्ध कराया गया है।

अमेजन का कहना है कि प्रस्तावित कानून के कारण वह उन छोटे डिलीवरी कारोबारों के साथ साझेदारी जारी नहीं रख पाएगा, जिनकी सेवाएं उसके नेटवर्क का हिस्सा हैं। कंपनी ने यह भी संकेत दिया है कि उसे न्यूयॉर्क शहर से अपना कारोबार दूसरी जगह ले जाने पर विचार करना पड़ सकता है। 

क्या है न्यूयॉर्क का डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट?

डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट, जिसे Intro 518 के नाम से भी जाना जाता है, न्यूयॉर्क शहर में बड़ी डिलीवरी कंपनियों के संचालन को नियंत्रित करने के लिए प्रस्तावित कानून है। सिटी काउंसिल सदस्य टिफनी कैबान ने इसे पेश किया है, जबकि मेयर ममदानी इसका समर्थन कर रहे हैं। प्रस्ताव में लास्ट-माइल डिलीवरी केंद्रों के लिए लाइसेंसिंग व्यवस्था लागू करने और कर्मचारियों की सुरक्षा, ट्रेनिंग व रोजगार से जुड़े नियमों को मजबूत करने की बात कही गई है।

इस कानून के तहत अमेजन जैसी कंपनियों को डिलीवरी और वेयरहाउस के मुख्य कामों के लिए सीधे कर्मचारियों की नियुक्ति करनी होगी। मौजूदा आउटसोर्सिंग और ठेकेदारों पर निर्भर व्यवस्था को बदलने का प्रस्ताव है।

अमेजन और ममदानी के बीच पहले भी हो चुका है विवाद

अमेजन और ममदानी के बीच विवाद कोई नया नहीं है। इससे पहले भी दोनों कई बार आमने-सामने आ चुके हैं। इससे पहले मई 2026 में ममदानी प्रशासन ने बताया था कि वाहन चालू रखने से संबंधित नियमों के उल्लंघन पर लगाए गए लंबित जुर्माने के तौर पर अमेजन से 90 लाख डॉलर से अधिक वसूले गए हैं। ये जुर्माने अमेजन लॉजिस्टिक्स और उसके थर्ड-पार्टी ट्रांसपोर्ट ठेकेदारों के जरिए संचालित डिलीवरी वाहनों से जुड़े थे। शहर के मुताबिक, वाहन चालू रखने से जुड़े नियमों के तहत अमेजन पर सबसे ज्यादा बकाया जुर्माना था।

इस कार्रवाई पर जोहरान ममदानी ने कहा था कि 2 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी होने के बावजूद अमेजन ने अपने ट्रकों से प्रदूषण फैलाने और न्यूयॉर्क के लोगों को जहरीले धुएं के संपर्क में लाने के लिए लगाए गए लाखों डॉलर के जुर्माने का भुगतान नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन शहर के लोगों का पूरा पैसा वसूलने के लिए प्रतिबद्ध है।

चचेरे-ममेरे भाई-बहन की शादी पर लगेगी रोक? सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को भेजा नोटिस, जानें क्या है पूरा मामला

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का एक और पड़ाव पार! 50 किमी लंबे कॉरिडोर पर दौड़ी बिजली, यात्रियों के लिए खुशखबरी

बिहार की मिट्टी को नमन, छठ से नीतीश कुमार के सुशासन तक; वैशाली में पीएम मोदी के भाषण की 5 बड़ी बातें

UPI लेनदेन में महाराष्ट्र का दबदबा: 2.94 लाख करोड़ के ट्रांजेक्शन के साथ नंबर-1; जानें अन्य राज्यों का हाल

अनन्या बिड़ला vs काव्या मारन: नेट वर्थ, बिजनेस, उम्र और IPL (RCB vs SRH) में किसका जलवा?