World Countries With Most Enemies India Connection: द्वितीय विश्व युद्ध के अंत के बाद ऐसा माना जा रहा था कि दुनिया में शांति स्थापित हो जाएगी और युद्धों का दौर खत्म हो जाएगा लेकिन पिछले 80 सालों का इतिहास कुछ और ही बयां करता है। शीत युद्ध से लेकर आज के दौर के क्षेत्रीय तनाव तक दुनिया न केवल दो खेमों में बंटी हुई है बल्कि कई मोर्चों पर युद्ध भी जारी हैं।
भारत ने भी इस दौरान चार बड़े युद्धों का सामना किया है। आज हम उन देशों की बात करेंगे जिनके दुनिया में सबसे ज्यादा दुश्मन हैं और दिलचस्प बात यह है कि इनमें से ज्यादातर देशों का भारत से एक विशेष रिश्ता है।
रूस पिछले चार सालों से यूक्रेन के साथ बड़ी जंग लड़ रहा है। इस तनाव की वजह से अमेरिका और लगभग पूरा यूरोप आज रूस के खिलाफ है। हालांकि रूस और अमेरिका के बीच कभी सीधे तौर पर लड़ाई नहीं हुई, लेकिन दोनों देश कई बार युद्ध के करीब पहुंच चुके हैं। सोवियत संघ के समय से ही 32 देशों का सैन्य ग्रुप 'नाटो' रूस का सबसे बड़ा दुश्मन रहा है। नाटो को 1949 में बनाया ही इसलिए गया था ताकि सोवियत हमले से बचा जा सके। इतने सारे दुश्मन होने के बाद भी, रूस भारत का एक बहुत खास और पक्का दोस्त बना हुआ है।
दुनिया की सबसे बड़ी ताकत और अमीर देश होने की वजह से अमेरिका के दुश्मनों की लिस्ट भी बहुत लंबी है। रूस, चीन, ईरान और उत्तर कोरिया जैसे देश अमेरिका के पक्के दुश्मन माने जाते हैं। इनके अलावा, अमेरिका दुनिया भर के आतंकी संगठनों के निशाने पर भी रहता है। मैक्सिको, कोलंबिया, क्यूबा और वेनेजुएला जैसे लैटिन अमेरिकी देशों के साथ भी अमेरिका के रिश्ते अक्सर खराब रहते हैं। हालांकि, इस समय भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती अपने सबसे अच्छे दौर में है।
एक देश के रूप में इजरायल की स्थापना 1948 में हुई थी और उसी साल से वह दुश्मनों से घिर गया। मिस्र, जॉर्डन, सीरिया और इराक जैसे अरब देशों ने बनते ही इजरायल पर हमला कर दिया था। आज के समय में ईरान, पाकिस्तान, तुर्की और हमास-हिजबुल्ला जैसे संगठन इजरायल को खत्म करना चाहते हैं।
दुश्मनों की गिनती में इजरायल दुनिया में दूसरे नंबर पर है। खास बात यह है कि रूस की तरह इजरायल भी भारत का बहुत पक्का दोस्त है और दोनों देशों के बीच सेना और राजनीति के क्षेत्र में गहरा मेलजोल है।
यह भी पढ़ें:- अमेरिका में एशियाई सुई वाली चींटी का आतंक: एक डंक और जा सकती है जान, जानें कितनी खतरनाक है ये प्रजाति
भारत की स्थिति दूसरे देशों से थोड़ी अलग है क्योंकि इसके दुश्मन इसकी सीमाओं पर ही मौजूद हैं। चीन और पाकिस्तान के साथ भारत कई लड़ाइयां लड़ चुका है और इन दोनों के साथ भारत की एक लंबी सीमा लगती है। आजकल बांग्लादेश में बढ़ता कट्टरवाद भी भारत के लिए एक नई परेशानी बनता जा रहा है।
वहीं, तुर्की जैसे देश भी पाकिस्तान के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के खिलाफ रहते हैं। इस तरह, दुनिया के सबसे ज्यादा दुश्मनों वाले देशों के साथ भारत का रिश्ता या तो गहरी दोस्ती का है या फिर सख्त दुश्मनी का।