अमेरिका में एशियाई सुई वाली चींटी का आतंक: एक डंक और जा सकती है जान, जानें कितनी खतरनाक है ये प्रजाति

Asian Needle Ant: अमेरिका के 20 राज्यों में एशियाई 'नीडल आंट' का प्रकोप बढ़ गया है। यह चींटी न केवल तेज दर्द देती है बल्कि इसके डंक से जानलेवा 'एनाफिलेक्सिस' का खतरा भी रहता है।
The Menace of the Asian Needle Ant in the US: A Single Sting Can Be Fatal Learn Just How Dangerous This Species Is
एशियन नीडल आंट, फोटो (सो.सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Asian Needle Ant Invasive Species: प्रकृति में मौजूद छोटी-छोटी चीजें भी कभी-कभी जानलेवा हो सकती हैं। अमेरिका इन दिनों एक ऐसी ही मुश्किल का सामना कर रहा है। एशिया से आई चींटियों की एक प्रजाति, जिसे 'एशियन नीडल आंट' कहते हैं, पूरे दक्षिण-पूर्वी अमेरिका में तेजी से फैल रही है। जानकारों ने चेतावनी दी है कि इस चींटी का डंक न केवल बहुत ज्यादा दर्द देता है बल्कि यह इंसान की सेहत के लिए काफी खतरनाक भी हो सकता है।

डंक लगने पर क्या होती है परेशानी?

वैज्ञानिक रूप से 'ब्रैकीपोनेरा चिनेंसिस' के नाम से जानी जाने वाली यह चींटी मुख्य रूप से चीन-जापान और कोरिया में पाई जाती है। वैसे तो यह खुद हमला नहीं करती लेकिन छेड़े जाने पर यह सुई चुभने जैसा बहुत तेज डंक मारती है। जानकारों के मुताबिक, इसका डंक एनाफिलेक्सिस जैसी खतरनाक स्थिति पैदा कर सकता है। इससे इंसान को सांस लेने में तकलीफ, गले में सूजन, शरीर पर निशान और दिल की धड़कन तेज होने जैसी दिक्कतें हो सकती हैं, जो सही समय पर इलाज न मिलने पर जानलेवा भी हो सकती हैं।

कैसे पहचानें इन सुई वाली चींटियों को?

इन चींटियों की पहचान करना आम इंसान के लिए कठिन हो सकता है क्योंकि ये दिखने में अन्य सामान्य चींटियों जैसी ही लगती हैं। ये आकार में बहुत छोटी (लगभग 0.2 इंच) और चमकदार गहरे भूरे या काले रंग की होती हैं। इनकी सबसे बड़ी पहचान इनके पैरों और एंटीना के सिरे हैं जो हल्के नारंगी-भूरे रंग के होते हैं। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के अनुसार, इन्हें पहचानने के लिए एक अनुभवी नजर की जरूरत होती है।

छिपे हुए ठिकानों में बनाती हैं अपना घर

एशियाई नीडल आंट की एक खास बात यह है कि ये अन्य चींटियों की तरह जमीन के ऊपर ऊंचे टीले या 'एंथिल्स' नहीं बनातीं। इसके बजाय, ये सड़ी हुई लकड़ियों के भीतर, पत्थरों के नीचे और सड़े हुए पत्तों के ढेर में छिपकर रहना पसंद करती हैं।

घरों के आसपास ये बगीचों की खाद, पेवर्स और लैंडस्केप टिम्बर के नीचे पाई जा सकती हैं। अमेरिका में पहली बार इन्हें 1932 में देखा गया था लेकिन अब ये उत्तरी कैरोलिना, दक्षिण कैरोलिना, जॉर्जिया और अलबामा सहित कम से कम 20 राज्यों में अपनी जड़ें जमा चुकी हैं।

बचाव और नियंत्रण के उपाय

अमेरिकी विशेषज्ञों का मानना है कि इन चींटियों से पूरी तरह छुटकारा पाना एक बड़ी चुनौती है क्योंकि ये आसानी से पकड़ में नहीं आतीं। इनके नियंत्रण के लिए प्रोटीन आधारित कीटनाशक बैट्स जैसे 'एक्विटिंगुइश प्लस', 'एडवियन' और 'मैक्सफोर्स' को प्रभावी बताया गया है। घरों में इस्तेमाल होने वाले फायर आंट बैट्स भी इनके खिलाफ काम कर सकते हैं।

विशेषज्ञों की सलाह है कि बगीचों में काम करते समय हमेशा दस्ताने पहनें और कचरा उठाते समय सावधानी बरतें, क्योंकि ये चींटियां फायर आंट्स की तरह झुंड में हमला नहीं करतीं बल्कि छूने पर ही डंक मारती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com