रूस-यूक्रेन युद्ध से हालात। इमेज-सोशल मीडिया 
विदेश

अभी नहीं होगा रूस-यूक्रेन में समझौता? जेलेंस्की का बड़ा दांव, खुफिया प्रमुख को दी अहम जिम्मेदारी

Russia Ukraine War: राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बड़ा प्रशासनिक और रणनीतिक कदम उठाया है। देश की सुरक्षा, रक्षा तैयारी को और मजबूती देने के उद्देश्य से सैन्य खुफिया प्रमुख को अपना नया चीफ ऑफ स्टाफ बनाया है।

रंजन कुमार

Russia Ukraine War News: रूस-यूक्रेन युद्ध के चार साल पूरे होने के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने सैन्य खुफिया एजेंसी के प्रमुख जनरल किरिलो बुडानोव को नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है। यह फैसला तब आया है, जब अमेरिका की अगुवाई में युद्ध खत्म करने को लेकर कूटनीतिक प्रयास तेज हो रहे हैं। यूक्रेन सुरक्षा, रक्षा उत्पादन और शांति वार्ता पर एक साथ फोकस कर रहा है।

जेलेंस्की ने कहा कि मौजूदा हालात में राष्ट्रपति कार्यालय की भूमिका बेहद अहम हो गई है। यहीं से सुरक्षा नीति, रक्षा ढांचे का विकास और अंतरराष्ट्रीय बातचीत का समन्वय होता है। उन्होंने बुडानोव को इन क्षेत्रों का अनुभवी चेहरा बताया। यह भी कहा कि उनसे ठोस नतीजों की उम्मीद है। 39 वर्षीय बुडानोव यूक्रेन के सबसे चर्चित युद्धकालीन अधिकारियों में से एक हैं। वह 2020 से सैन्य खुफिया एजेंसी जीयूआर का नेतृत्व कर रहे थे। रूस के खिलाफ कई अहम अभियानों से उनका नाम जुड़ा रहा है।

खुफिया प्रमुख से सत्ता के केंद्र तक का सफर

बुडानोव का राष्ट्रपति कार्यालय का प्रमुख बनना यूक्रेन की राजनीति में असामान्य कदम माना जा रहा है। अब तक वह रणनीतिक संकेतों और मनोवैज्ञानिक दबाव के जरिए मॉस्को पर बयानबाजी करते रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से अमेरिका और यूरोपीय देशों के साथ चल रही शांति वार्ताओं में यूक्रेन को मजबूत आवाज मिल सकती है। इस बीच बुडानोव की जगह विदेशी खुफिया सेवा के प्रमुख ओलेह इवाशचेंको को नया इंटेलिजेंस चीफ नियुक्त किया गया है।

रक्षा मंत्रालय में भी किया बदलाव

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन मंत्री मिखाइलो फेदोरोव को नया रक्षा मंत्री नामित करने का प्रस्ताव रखा है। ड्रोन तकनीक और ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में फेदोरोव को यूक्रेन की बड़ी उपलब्धियों का श्रेय दिया जाता है। मौजूदा रक्षा मंत्री डेनिस श्मिहाल को सरकार में दूसरी जिम्मेदारी दी जाएगी।

जंग के बीच कूटनीतिक कोशिशें जारी

वॉशिंगटन ने ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ हुई बातचीत को सकारात्मक बताया है। हालांकि, रूस द्वारा हालिया ड्रोन हमलों और जवाबी आरोपों ने वार्ता प्रक्रिया को जटिल बना दिया है। जेलेंस्की का कहना है कि शांति समझौता लगभग तैयार है, लेकिन बचे अहम मुद्दे यूरोप और यूक्रेन के भविष्य का फैसला करेंगे। वहीं, कूटनीति के समानांतर जमीनी हालात तनावपूर्ण हैं। रूस और यूक्रेन दोनों ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों के दावे किए जा रहे हैं। यूक्रेन ने नागरिक इलाकों को निशाना बनाने के आरोपों को खारिज कर अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करने की बात कही है।

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टिल्लू ताजपुरिया गैंग का गुर्गा पवन उर्फ मक्खी दबोचा गया

ट्रेन में मिला 54 वर्षीय महिला का शव, सफाई के दौरान खुला वारदात का राज; CCTV से 31 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Bank Loan: मरने के बाद बैंक का कर्ज कौन भरेगा? पत्नी और माता-पिता या फिर बेटा-बेटी

मामा की बेटी से शादी पर लगेगी रोक? सुप्रीम कोर्ट में बड़ी सुनवाई, जानें पूरा मामला

Aaj Ka Mausam: मौसम का बदला मिजाज, पूर्वोत्तर में भारी बारिश, दिल्ली-यूपी में कोहरा; कई राज्यों में बदला मौसम