सांकेतिक तस्वीर AI जनरेटेड इमेज
विदेश

NATO का सदस्य क्यों नहीं बनता भारत? चीन और पाकिस्तान सपने में भी नहीं करेंगे हमला, जानिए 5 बड़ी वजहें

India NATO Membership: अमेरिका और यूरोप से मजबूत रिश्तों के बावजूद भारत NATO का सदस्य नहीं है। इसकी वजह रूस से संबंध ही नहीं, बल्कि संगठन के नियम और भारत की रणनीतिक स्वायत्तता भी हैं।

अक्षय साहू

Highlights:

  • रणनीतिक स्वायत्तता और स्वतंत्र फैसले लेने की आजादी के कारण भारत NATO का हिस्सा नहीं है।

  • NATO समझौते के तहत केवल यूरोपीय देशों को आमंत्रित करने का नियम भी एक वजह है।

  • रूस से पुराने रक्षा व ऊर्जा संबंधों को बनाए रखने के लिए भारत सैन्य गुट से दूर है।

Why India Is Not in NATO: भारत के अमेरिका और यूरोप के कई देशों के साथ अच्छे रिश्ते हैं। दोनों के साथ भारत व्यापार करता है, हथियार खरीदता है और सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी सहयोग करता है। इसके बावजूद भारत NATO का हिस्सा नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब अमेरिका और यूरोप भारत के दोस्त हैं, तो फिर भारत इस सैन्य संगठन से दूर क्यों है? क्या इसकी वजह रूस के साथ उसकी दोस्ती है या इसके पीछे कुछ और कारण हैं?

दरअसल, भारत NATO में शामिल नहीं होना चाहता क्योंकि वह अपनी मर्जी से फैसले लेने की आजादी बनाए रखना चाहता है। इसके अलावा NATO के अपने नियम भी हैं, जिनके चलते भारत इसका सदस्य नहीं बन सकता।

क्या है NATO और क्यों बनाया गया था?

NATO का पूरा नाम नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गनाइजेशन है। इसकी शुरुआत 1949 में हुई थी। दूसरे विश्व युद्ध के बाद अमेरिका, कनाडा और यूरोप के कुछ देशों ने मिलकर इसे बनाया था। इसका मकसद था कि अगर किसी सदस्य देश पर कोई दूसरा देश हमला करे, तो बाकी सदस्य उसकी मदद के लिए आगे आएं।

आज NATO में 32 देश हैं। इनमें अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और कनाडा जैसे देश शामिल हैं। हालांकि, NATO का सदस्य बनने के लिए एक खास नियम है। इसके समझौते के मुताबिक केवल यूरोप के देशों को ही इसमें शामिल होने का न्योता दिया जा सकता है। भारत एशिया में है, इसलिए वह इस नियम के तहत NATO का सदस्य नहीं बन सकता।

भारत किसी एक सैन्य गुट के साथ नहीं जुड़ना चाहता

आजादी के बाद दुनिया दो बड़े गुटों में बंटी हुई थी। एक तरफ अमेरिका था और दूसरी तरफ सोवियत संघ, जिसे आज के रूस का पुराना रूप कहा जा सकता है। दोनों के बीच दुनिया में अपना दबदबा बढ़ाने की होड़ लगी थी।

उस समय भारत ने किसी एक गुट का साथ देने के बजाय अपनी अलग राह चुनी। भारत का मानना था कि उसे दूसरे देशों के दबाव में आकर फैसले नहीं लेने चाहिए। इसी सोच के तहत उसने गुटनिरपेक्ष आंदोलन का रास्ता अपनाया। आज भी भारत की कोशिश रहती है कि वह अमेरिका और रूस दोनों के साथ अच्छे रिश्ते बनाए रखे। वह किसी एक देश के पक्ष में खड़े होकर दूसरे से अपने रिश्ते खराब नहीं करना चाहता।

आजादी के बाद भारत ने किसी गुट का हिस्सा बनने से परहेज किया

रूस के साथ भारत की पुरानी दोस्ती

भारत और रूस के रिश्ते कई दशक पुराने हैं। खासकर रक्षा के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच लंबे समय से सहयोग रहा है। भारत के पास बड़ी संख्या में रूसी हथियार और सैन्य उपकरण हैं। इसके अलावा भारत रूस से कच्चा तेल भी खरीदता है।

दूसरी तरफ NATO और रूस के बीच लंबे समय से तनाव है। यूक्रेन युद्ध के बाद यह टकराव और बढ़ गया। ऐसे में अगर भारत NATO में शामिल होता है, तो रूस के साथ उसके रिश्तों पर असर पड़ सकता है। भारत ऐसा नहीं चाहता। उसकी कोशिश है कि अमेरिका और यूरोप से दोस्ती भी बनी रहे और रूस के साथ पुराने रिश्ते भी खराब न हों।

रूस के साथ पुराने रिश्ते भारत के लिए अहम हैं

NATO में शामिल होने से बढ़ेगी जिम्मेदारी

NATO का सबसे अहम नियम अनुच्छेद 5 है। इसके मुताबिक अगर संगठन के किसी एक सदस्य देश पर हमला होता है, तो इसे सभी सदस्य देशों पर हमला माना जाता है। ऐसे में बाकी देशों को उसकी मदद करनी होती है।

इसका मतलब है कि किसी सदस्य देश को दूसरे देश की सुरक्षा के लिए भी आगे आना पड़ सकता है। भारत ऐसा कोई बंधन नहीं चाहता, जिससे उसे अपनी इच्छा के खिलाफ किसी युद्ध में शामिल होना पड़े।

भारत की सीमाएं चीन और पाकिस्तान जैसे देशों से लगती हैं। ऐसे में वह अपनी सुरक्षा से जुड़े फैसले खुद लेना चाहता है। वह नहीं चाहता कि किसी दूसरे इलाके में होने वाले विवाद के कारण उसे भी युद्ध में उतरना पड़े।

भारत अपनी मर्जी से युद्ध और सुरक्षा से जुड़े फैसले लेना चाहता है

भारत के लिए NATO में शामिल होना जरूरी नहीं

भारत NATO का सदस्य नहीं है, लेकिन अमेरिका और यूरोप के साथ उसके रिश्ते लगातार मजबूत हुए हैं। भारत और अमेरिका रक्षा, व्यापार और नई तकनीक के क्षेत्र में एक-दूसरे का सहयोग करते हैं। दोनों देशों की सेनाएं साथ में सैन्य अभ्यास भी करती हैं।

फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी जैसे देशों के साथ भी भारत के अच्छे रिश्ते हैं। फ्रांस के साथ भारत ने कई बड़े रक्षा समझौते किए हैं।

इसके अलावा भारत अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ क्वाड समूह का हिस्सा है। इस समूह का मकसद हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा और सहयोग को बढ़ाना है। हालांकि क्वाड NATO की तरह सैन्य संगठन नहीं है।

NATO से बाहर रहकर भी भारत अमेरिका और यूरोप के साथ सहयोग करता है

भारत अपने फैसले खुद लेना चाहता है

भारत की विदेश नीति का एक बड़ा हिस्सा यह है कि वह किसी एक देश पर निर्भर न रहे। उसे रूस से तेल खरीदना हो, अमेरिका से हथियार और तकनीक लेनी हो या यूरोप के साथ व्यापार बढ़ाना हो, भारत अपने फायदे को देखकर फैसला करता है।

भारत अपनी विदेश नीति में किसी का दबाव नहीं चाहता

यही वजह है कि भारत NATO में शामिल हुए बिना भी उसके सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करता है। भारत के लिए अमेरिका और यूरोप से अच्छे रिश्ते रखना जरूरी है, लेकिन अपनी आजादी से समझौता करना नहीं।

Delimitation Bill Live: अमित शाह के घर पहुंचे DMK सांसद, परिसीमन बिल का शरद पवार ने भी किया समर्थन

सोनिया गांधी की नागरिकता पर फिर उठे सवाल, दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में सौंपी रिपोर्ट; 14 दिसंबर को अगली सुनवाई

मोहम्मद शमी की बीजेपी में होगी एंट्री, जल्द थाम सकते हैं पार्टी का दामन!

मैदान में रिंकू तो संसद में प्रिया सरोज, शादी के बाद कैसे चलेगी दोनों की जिंदगी? कपल ने खुद खोला राज

पवार ने परिसीमन पर BJP का साथ दिया तो भी INDIA में वही जगह रहेगी! राहुल गांधी ने साफ किया रुख