अमेरिका के यूटा में बाढ़, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

अमेरिका के यूटा में कुदरत का कहर, अचानक आई बाढ़ में बह गया फायर कैप्टन का पूरा परिवार; 5 की मौत

US Utah Flash Flood: अमेरिका के दक्षिणी यूटा में हाइकिंग पर निकला एक हंसता-खेलता परिवार फ्लैश फ्लड की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में प्रोवो फायर कैप्टन, उनकी पत्नी और तीन बेटों की मौत हो गई है।

अमन उपाध्याय

US Utah Flash Flood Death Toll: अमेरिका के कई हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। दक्षिणी यूटा की एक घाटी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई है।

मृतकों में प्रोवो फायर डिपार्टमेंट के सम्मानित कैप्टन स्पेंसर लॉन्ग, उनकी पत्नी और उनके तीन बेटे शामिल हैं। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।

हाइकिंग के दौरान हुआ हादसा

स्थानीय प्रशासन और वेन काउंटी शेरिफ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, कैप्टन स्पेंसर लॉन्ग का परिवार शुक्रवार को ट्रैकिंग और हाइकिंग के लिए निकला था। वे यूटा के बिकनेल के पास स्थित सनग्लो कैंपग्राउंड पहुंचे थे, जहां से उन्होंने अपनी दिनभर की यात्रा शुरू की थी।

अधिकारियों का मानना है कि पर्वतीय क्षेत्र में भारी बारिश के कारण अचानक जलस्तर बढ़ गया और परिवार इसकी चपेट में आ गया।

मलबे से बरामद हुए शव

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दलों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। शुक्रवार रात को पुलिस को सबसे पहले एक युवक का शव मिला, जिसके बाद शनिवार तक परिवार के अन्य चार सदस्यों के शव भी बरामद कर लिए गए।

मृतकों की पहचान कैप्टन स्पेंसर लॉन्ग, उनकी पत्नी कैटरीना और उनके तीन बेटों रीड, थायने और गेज के रूप में हुई है। परिवार की एक बेटी इस यात्रा पर नहीं गई थी, जिसके कारण वह सुरक्षित है।

विभाग में शोक की लहर

प्रोवो फायर डिपार्टमेंट ने सोशल मीडिया के जरिए अपने बहादुर अधिकारी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। विभाग ने अपने संदेश में कहा कि कैप्टन लॉन्ग और उनके परिवार का जाना एक अपूरणीय क्षति है। वहीं, कैटरीना लॉन्ग की सहयोगी संस्था 'समिट मेडिकल स्पा' ने भी इस घटना को असहनीय बताया है।

पारिवारिक मित्रों ने सुरक्षित बची बेटी की सहायता के लिए एक 'गो फंड मी' पेज भी शुरू किया है, जहां लोग इस उदार और स्नेही परिवार को याद कर रहे हैं।

मौसम विभाग की अगली चेतावनी

अमेरिका के राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) ने आने वाले दिनों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 'ट्रॉपिकल डिप्रेशन टू' के मजबूत होने से सोमवार रात तक फ्लोरिडा पैनहैंडल में उष्णकटिबंधीय तूफान जैसी स्थितियां बन सकती हैं।

इसके अलावा, मध्य गल्फ कोस्ट, अपर मिडवेस्ट और ओहायो वैली में भारी बारिश, तेज हवाओं और अचानक बाढ़ का खतरा बना रहेगा,। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों और घाटियों में जाने से बचें।

चंडीगढ़ को दहलाने की साजिश? ISBT के पास IED और हथियार बरामद, पुलिस ने 3 को पकड़ा

काशी पहुंचे जापान के गवर्नर कोटारो नागासाकी, बोले- ग्रीन हाइड्रोजन से नई ऊंचाई छुएंगे भारत-जापान संबंध

न पीने की पानी... न बैठने की जगह, 89% स्टेशनों का बुरा हाल; CAG रिपोर्ट ने खोली रेलवे के दावों की पोल

भ्रम न फैलाएं...राष्ट्रगान विवाद पर सतीश महाना की सफाई, अनादर के आरोपों को बताया बेबुनियाद

जिस सस्ते रॉकेट लॉन्च पर भारत को था गर्व, नई स्टडी ने खोल दी पोल? जानिए क्या है पूरा मामला