मार्को रुबियो, बेंजामिन नेतन्याहू (फोटो- सोशल मीडिया) 
विदेश

इधर ट्रंप ने कतर को बताया दोस्त, उधर रुबियो ने इजरायल से कर दिया बड़ा वादा, बिगड़े हालात

US News: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गाजा में हमास के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को वॉशिंगटन का अटूट समर्थन बताया और संगठन के पूर्ण सफाए की मांग दोहराई। ट्रंप ने कतर को सच्चा दोस्त बताया।

अक्षय साहू

Israel Doha Attack: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार को इजरायल की यात्रा के दौरान गाजा में जारी सैन्य अभियान के प्रति वॉशिंगटन के "अटूट समर्थन" का भरोसा दिलाया और हमास के सफाए की मांग की। रुबियो को यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में इजरायल द्वारा कतर की राजधानी दोहा पर हवाई हमले से मिडिल ईस्ट में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है।

रुबियो ने यरुशलम में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि, "गाज़ा के लोगों का बेहतर भविष्य बन सकता है, लेकिन वह तब तक संभव नहीं है जब तक हमास का सफाया नहीं हो जाता। आप हमारे अटूट समर्थन और प्रतिबद्धता पर भरोसा कर सकते हैं।" नेतन्याहू ने रुबियो के दौरे को "वॉशिंगटन के स्पष्ट समर्थन का संदेश" करार दिया।

दोहा हमले से मिडिल ईस्ट में तनाव

रुबियो ने उन पश्चिमी देशों की आलोचना भी की, जिन्होंने हाल ही में फिलिस्तीन को मान्यता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा, "ऐसे फैसले महज प्रतीकात्मक हैं और इनका वास्तविक असर कुछ नहीं है। उल्टा, यह हमास को और हौसला देता है।" बैठक से पहले रुबियो ने कहा था कि वह नेतन्याहू के साथ गाजा में सैन्य अभियान के "लक्ष्यों और उद्देश्यों" पर चर्चा करेंगे।

पिछले हफ्ते दोहा में इजरायली हवाई हमले में छह लोगों की मौत पर खाड़ी देशों की नाराजगी के बारे में पूछे जाने पर रुबियो ने कहा, "हमारा ध्यान आगे क्या होगा, उस पर है।" यह हमला कथित तौर पर गाजा युद्धविराम वार्ता में शामिल हमास की वार्ता टीम पर किया गया था, लेकिन अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका।

हमास को खत्म करना हमारा लक्ष्य

इस बीच, इजरायल ने गाजा सिटी पर हमले तेज कर दिए हैं। रविवार को सेना रेडियो ने बताया कि अब तक लगभग 3 लाख लोग गाजा सिटी से पलायन कर चुके हैं। इजरायली सेना ने सोमवार को एक और ऊंची इमारत पर बमबारी की और दावा किया कि इन इमारतों का इस्तेमाल हमास खुफिया गतिविधियों के लिए कर रहा था। इजरायल का कहना है कि उसका लक्ष्य गाजा सिटी पर नियंत्रण स्थापित करना, हमास को खत्म करना और समूह द्वारा बंधक बनाए गए लगभग 50 लोगों को छुड़ाना है।

मोदी-शाह की जांच, वोट चोरी और इंदिरा गांधी का जिक्र; राहुल गांधी ने क्या-क्या सवाल खड़े किए? 10 बड़ी बातें

ईरान की अमेरिका को खुली चेतावनी, फिर हमला हुआ तो हिंद महासागर तक पहुंचेगा युद्ध; भारत पर कितना पड़ेगा असर?

देशद्रोहियों को छोड़ा नहीं जाएगा, ज्ञानेश कुमार पर भड़के राहुल गांधी; कहा- लोकतंत्र को खत्म होते नहीं देख सकते

ज्ञानेश कुमार पर लगेगा MCOCA! संजय राउत बोले- अमित शाह के छोटा शकील है मुख्य चुनाव आयुक्त

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग का दांव, दोनों सदनों में नोटिस की तैयारी