Ukraine Drone Attack Russian Baltic Port Primorsk News: रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष अब एक नए और विनाशकारी मोड़ पर पहुंच गया है जहां से दोनों पक्ष अब एक-दूसरे के आर्थिक और ऊर्जा केंद्रों को निशाना बना रहे हैं। रविवार (3 मई 2026) को यूक्रेनी सेना ने रूस के बाल्टिक सागर स्थित प्रमुख तेल निर्यातक बंदरगाह प्रिमोर्स्क पर एक बड़ा ड्रोन हमला किया है।
लेनिनग्राद के गवर्नर अलेक्जेंडर ड्रोज़्डेंको ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि हमले के वजह से शहर में आग लग गई थी। जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बुझा लिया गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हमले से अभी तक किसी तेल रिसाव की खबर नहीं है।
प्रिमोर्स्क बंदरगाह रूस के सबसे महत्वपूर्ण निर्यात केंद्रों में से एक है, जिसमें प्रतिदिन लगभग दस लाख बैरल तेल लोड करने की क्षमता है। गवर्नर ड्रोज़्डेंको के अनुसार, इस उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में रात भर की सैन्य कार्रवाई के दौरान 60 से अधिक यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया गया। हाल के महीनों में यूक्रेन ने रूसी ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमलों की रफ्तार को बढ़ा दी है। जो इस बात का संकेत है कि जंग अब सीमावर्ती क्षेत्रों से निकलकर रूस के आर्थिक हितों तक पहुंच गया है।
इस हमले को देखते हुए अब ये लगने लगा है कि यूक्रेन की रणनीति केवल बाल्टिक सागर तक नहीं रही। राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने भी घोषणा की है कि यूक्रेनी बलों ने रूस के काला सागर स्थित नोवोरोसिस्क बंदरगाह के प्रवेश द्वार पर दो शैडो फ्लीट टैंकरों को आसानी से निशाना बनाया है। जेलेंस्की ने अपने टेलीग्राम संदेश में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि ये टैंकर तेल परिवहन के लिए उपयोग किए जा रहे थे लेकिन अब वे ऐसा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन अपनी लंबी दूरी की मारक क्षमताओं को जल, थल और आकाश में निरंतर विकसित करना जारी रखेगा।
बता दें कि पिछले चार सालों से चल रहे इस जंग में दोनों पड़ोसी देश लगभग रोजाना एक-दूसरे पर विस्फोटकों से लदे सैकड़ों ड्रोन दाग रहे हैं। हाल ही में हुए हमले में रूसी क्षेत्र स्मोलेंस्क के एक अपार्टमेंट ब्लॉक पर हुए हमले में एक बच्चे सहित तीन लोग घायल हो गए।
मास्को के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि शनिवार शाम एक गांव में हुए हमले में 77 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि मास्को के मेयर के अनुसार राजधानी की ओर बढ़ रहे चार ड्रोनों को समय रहते मार गिराया गया।
यह भी पढ़ें:- होर्मुज से निकला भारत का ‘सर्व शक्ति’, ईरान की नाकेबंदी के बीच 45,000 टन LPG लेकर आ रहा विशाखापत्तनम
वहीं, अगर यूक्रेन की बात करें तो वहां भी स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी हुई है। रूसी हमलों ने यूक्रेन के ओडेसा क्षेत्र के प्रमुख निर्यात टर्मिनलों को निशाना बनाया है। जिसमें एक ट्रक ड्राइवर सहित दो लोगों की मौत हो गई और बंदरगाह के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। यूक्रेन की वायु सेना के आंकड़ों के अनुसार, रूस ने पिछले 24 घंटों में 268 ड्रोन और एक बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है। दक्षिणी यूक्रेन के खेरसॉन क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की जान जाने की खबर है।