ट्रंप ने शेयर की जेनसेन हुआंग की AI इमेज (सोर्स- सोशल मीडिया)
विदेश

हाथ में रेड ब्रा, चेहरे पर खून... ट्रंप ने शेयर की जेन्सेन हुआंग AI तस्वीर, 2024 के हमले से है कनेक्शन

Nvidia CEO Jensen Huang Return: डोनाल्ड ट्रंप ने जेन्सेन हुआंग की खून से सने चेहरे वाली AI तस्वीर पोस्ट की। NVIDIA में CEO की वापसी का श्रेय लेते हुए ट्रंप ने निजी विवादों पर भी टिप्पणी की।

अक्षय साहू

Highlights:

डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर जेन्सेन हुआंग की AI तस्वीर पोस्ट की।

तस्वीर में हुआंग का चेहरा खून से सना और हाथ हवा में उठा दिखाया गया।

ट्रंप ने NVIDIA CEO की वापसी का श्रेय खुद को देते हुए बोर्ड से बातचीत की बात कही।

चीन को AI चिप सप्लाई और अमेरिकी निर्यात नियमों को लेकर NVIDIA पर जांच जारी है।

Jensen Huang Red Bra AI Image: NVIDIA के CEO जेन्सेन हुआंग की कंपनी में वापसी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक अजीबोगरीब AI-एडिटेड तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में हुआंग 2024 की उस चर्चित रैली वाली पोज में नजर आ रहे हैं, जिसमें ट्रंप ने जानलेवा हमले के बाद खून से सने चेहरे के साथ मुट्ठी हवा में उठाई थी। हालांकि, इस तस्वीर में अमेरिकी झंडे की जगह NVIDIA का झंडा और हुआंग के हाथ में लाल ब्रा दिखाई गई है। ट्रंप ने इस पूरे विवाद पर 'Sex sells' कहकर भी टिप्पणी की।

ट्रंप ने शेयर की AI से तैयार की गई तस्वीर

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह तस्वीर पोस्ट की। इसमें जेन्सेन हुआंग का चेहरा खून से सना हुआ दिखाया गया है और वह एक हाथ ऊपर उठाए नजर आ रहे हैं। उनके आसपास सुरक्षा एजेंट भी दिखाई देते हैं। तस्वीर में ट्रंप की 2024 वाली मशहूर रैली के दृश्य को AI की मदद से बदलकर हुआंग के साथ जोड़ा गया है।

ट्रंप ने यह तस्वीर NVIDIA के CEO की कंपनी में वापसी के कुछ ही घंटों बाद साझा की। इसके बाद सोशल मीडिया पर तस्वीर को लेकर चर्चा तेज हो गई और कई मीडिया संस्थानों ने भी इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया।

ट्रंप बोले- मैंने NVIDIA बोर्ड को मनाया

तस्वीर पोस्ट करने से पहले ट्रंप ने CNBC को दिए इंटरव्यू में जेन्सेन हुआंग की वापसी का श्रेय खुद को दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने NVIDIA के बोर्ड से बातचीत की और हुआंग को दोबारा कंपनी में लाने के लिए उसे राजी किया।

ट्रंप के मुताबिक, बोर्ड के सामने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं थीं। उन्होंने प्रशासन की ओर से उपलब्ध जानकारी के आधार पर भरोसा दिलाया कि हुआंग की वापसी से देश की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। ट्रंप ने यह भी बताया कि उन्होंने हुआंग को फोन कर अपना काम जारी रखने के लिए कहा था।

NVIDIA ने जेन्सेन को दोबारा बनाया CEO 

NVIDIA के बोर्ड ने 23 नवंबर को जेन्सेन हुआंग को दोबारा कंपनी का प्रेसिडेंट और CEO नियुक्त करने की घोषणा की थी। बोर्ड ने बताया था कि इस फैसले से पहले अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी जानकारी ली गई थी।

'Sex sells' बयान से बढ़ी चर्चा

CNBC के कार्यक्रम में जब ट्रंप से जेन्सेन हुआंग के निजी जीवन से जुड़े विवादों पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि इससे CEO की लोकप्रियता घटने के बजाय बढ़ सकती है। इसी दौरान उन्होंने कहा, "Sex sells, fellas."

दरअसल, हुआंग के निजी रिश्तों को लेकर कुछ रिपोर्ट्स में एक्स्ट्रा मैरिटल संबंधों के आरोप लगाए गए थे। इनमें एक महिला के चीन की खुफिया एजेंसी से कथित संबंध होने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, इन आरोपों को लेकर सवाल बने हुए हैं और चीन ने जासूसी के आरोपों को खारिज किया है।

2024 की रैली वाली तस्वीर का क्या है कनेक्शन?

ट्रंप की पोस्ट में इस्तेमाल तस्वीर जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया के बटलर में हुई चुनावी रैली की याद दिलाती है। उस दौरान ट्रंप पर जानलेवा हमला हुआ था। सुरक्षा एजेंट उन्हें मंच से बाहर ले जा रहे थे, तभी उन्होंने खून से सने चेहरे के साथ अपनी मुट्ठी हवा में उठाई थी। यह तस्वीर उनके चुनाव प्रचार की सबसे चर्चित तस्वीरों में शामिल हो गई थी। अब उसी अंदाज को AI की मदद से जेन्सेन हुआंग के साथ जोड़ दिया गया। तस्वीर में लाल ब्रा को उनके निजी जीवन से जुड़े विवादों की ओर इशारे के तौर पर देखा जा रहा है।

वापसी के बाद भी NVIDIA के सामने चुनौतियां

हुआंग की CEO पद पर वापसी के बावजूद NVIDIA से जुड़े विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। कंपनी के सामने निजी जीवन से जुड़े आरोपों के अलावा अमेरिकी एक्सपोर्ट कंट्रोल नियमों और चीन को एडवांस AI चिप की सप्लाई से जुड़े सवाल भी हैं।

ट्रंप ने भी कहा था कि NVIDIA को अमेरिकी निर्यात नियमों के पालन को लेकर अपनी आंतरिक जांच जारी रखनी चाहिए। सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन समेत अमेरिकी सांसदों ने कंपनी से राष्ट्रीय सुरक्षा और कानूनों के अनुपालन पर जवाब मांगे हैं। इसके अलावा, जेन्सेन हुआंग को दिसंबर में अमेरिकी सांसदों के सामने पेश होना है। ऐसे में CEO पद पर उनकी वापसी के बाद भी NVIDIA के लिए जांच और जवाबदेही से जुड़े मुद्दे बने रहेंगे।

ट्रेन में अब नहीं मिलेगी पहले जैसी खाने की थाली, 8-10 की जगह परोसेंगे सिर्फ 4 आइटम; जानें नया मेन्यू

महिला कलेक्टर से कथित दुर्व्यवहार, TVK विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग; DMK सांसद ने उठाया CM विजय पर सवाल

PM मोदी ने किस व्यक्ति की फोटो नेपाल के प्रधानमंत्री को दी? जिससे वो भावुक हो गए

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को दिया मात्र 26 सीटों का ऑफर, इमरान मसूद भड़के; कहा- भीख नहीं मांग रहा

Bisleri का पानी ही जांच में फंसा तो लोकल बोतलों का क्या भरोसा? अवैध प्लांट में तैयार हो रहा सेहत का खतरा