ट्रंप ने फ्लावियो बोल्सोनारो बिना किसी समय सीमा के अमेरिका में रुकने की अनुमति दी
मार्को रुबियो ने अमेरिका पहुंचने में सरकारी मदद से किया इनकार
लूला से हार के बाद कानूनी जांचों के बीच मियामी पहुंचे थे फ्लावियो
Donald Trump Bolsonaro Statement: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद अमेरिका पहुंचे फ्लावियो बोल्सोनारो को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फ्लावियो अपनी मर्जी से जितने समय तक चाहें, अमेरिका में रह सकते हैं। हालांकि, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने स्पष्ट किया है कि ट्रंप प्रशासन ने उन्हें ब्राजील से अमेरिका पहुंचने में किसी तरह की सहायता नहीं दी थी।
फ्लावियो चुनाव में हार के बाद बुधवार को अमेरिका के मियामी पहुंचे थे। इससे एक दिन पहले अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि फ्लावियो और उनके परिवार को अमेरिका का वीजा दिया जाएगा। 25 अक्टूबर को हुए ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में फ्लावियो को मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को अटलांटा में आयोजित G20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान कहा कि अमेरिकी सरकार फ्लावियो को ब्राजील से अमेरिका लाने की किसी योजना का हिस्सा नहीं थी। उन्हें केवल यह जानकारी मिली थी कि फ्लावियो अमेरिका पहुंच चुके हैं। रुबियो के मुताबिक, फ्लावियो के पास पहले से ही अमेरिकी वीजा मौजूद था और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें अमेरिका में प्रवेश की अनुमति दी।
रुबियो ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार और शनिवार को ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा के साथ भी बातचीत की। दोनों देशों के अधिकारी नवंबर में फ्रांस में होने वाली विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान फिर मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा, आने वाले कुछ हफ्तों में दोनों विदेश मंत्रियों के बीच एक और बैठक प्रस्तावित है।
फ्लावियो बोल्सोनारो ने राष्ट्रपति चुनाव में अपनी हार स्वीकार नहीं की है। उन्होंने बिना कोई सबूत पेश किए चुनाव में धांधली के आरोप लगाए हैं। उनके पिता और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने भी 2022 में लूला दा सिल्वा से मिली चुनावी हार को स्वीकार नहीं किया था। फिलहाल जायर तख्तापलट की कोशिश से जुड़े मामले में 27 साल की जेल की सजा काट रहे हैं।
चुनाव के दौरान फ्लावियो को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का अप्रत्यक्ष समर्थन भी मिला था। वहीं, ब्राजील में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और टैक्स चोरी से जुड़े मामलों की जांच चल रही है। पुलिस ने उनके देश छोड़कर भागने की आशंका जताते हुए पासपोर्ट जमा कराने का आदेश दिया था।
ट्रंप ने शनिवार को फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित अपने मार-ए-लागो क्लब में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि फिलहाल उनकी फ्लावियो से मुलाकात करने की कोई योजना नहीं है। हालांकि, उन्होंने अमेरिका में फ्लावियो के रहने की अवधि को लेकर कोई समय सीमा तय नहीं की है।