Tarique Rahman Sets Agenda After 17 Years Exile: करीब 17 साल के लंबे निर्वासन के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान अपनी मातृभूमि ढाका लौट आए हैं। उनके स्वागत में ढाका की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिसे देखकर रहमान काफी भावुक नजर आए।
वतन वापसी के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पहली पोस्ट साझा करते हुए इस पल को अपने जीवन का सबसे अविस्मरणीय क्षण बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी वापसी का मुख्य उद्देश्य देश में शांति, लोकतंत्र और बहुदलीय राजनीति को फिर से जीवित करना है।
लंदन में लंबे समय तक रहने के बाद वतन लौटे खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। रहमान ने कहा कि बीते शुक्रवार का दिन वह हमेशा अपने दिल में संजोकर रखेंगे, क्योंकि इसी दिन उन्होंने 17 साल बाद अपनी मिट्टी को स्पर्श किया। उन्होंने ढाका की सड़कों पर उमड़ी लाखों लोगों की भीड़ और उनकी दुआओं के लिए आभार व्यक्त किया। रहमान के अनुसार, लोगों का यह निस्वार्थ प्यार और सम्मान शब्दों में बयां करना मुमकिन नहीं है और यही प्यार उन्हें भविष्य की चुनौतियों से लड़ने की ताकत देगा।
देश के मौजूदा हालात और सांप्रदायिक तनाव के बीच रहमान ने बांग्लादेश के भविष्य के लिए एक विस्तृत योजना पेश की है। उन्होंने कहा कि उनका सपना केवल एक कल्पना नहीं, बल्कि एक ठोस कार्ययोजना है जहां हर समुदाय सुरक्षित और मूल्यवान महसूस कर सके।
रहमान ने एक ऐसे बांग्लादेश की कल्पना की है जहां शांति फले-फूले और हर बच्चा उम्मीद के साथ बड़ा हो सके। उन्होंने लोकतंत्र और बहुदलीय प्रणाली पर जोर देते हुए अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनकी घर वापसी का सम्मान किया।
यह भी पढ़ें: ‘मेरा एक सपना है…’, तारिक रहमान का बड़ा ऐलान, बांग्लादेश के भविष्य को लेकर कर दिया खुलासा
अपनी संबोधन में तारिक रहमान ने विशेष रूप से देश के युवाओं, किसानों और उन समर्थकों का धन्यवाद किया जो हर मुश्किल घड़ी में पार्टी के साथ खड़े रहे। उन्होंने मीडिया की भी प्रशंसा की, जिसने उनकी वापसी को व्यावसायिकता और संवेदनशीलता के साथ कवर किया।
रहमान ने याद दिलाया कि बांग्लादेश की असली ताकत उसके एकजुट लोग हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि रहमान की वापसी से बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा और वह आगामी चुनावों में जमात-ए-इस्लामी जैसी ताकतों के मुकाबले एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेंगे।