नई दिल्ली: एक बड़ी खबर के अनुसार एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुश विलमोर को स्पेस स्टेशन ले जाने वाला स्पेस क्राफ्ट आज 3 महीने बाद धरती पर वापस लाया जा रहा है। मिली खबर के अनुसार भारतीय समयानुसार आज सुबह 3:30 बजे यह इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से अलग हुआ। वहीं सुबह 9:30 बजे यह अमेरिकी प्रांत न्यू मैक्सिको के व्हॉइट सैंड स्पेस हॉर्बर (रेगिस्तान) में लैंड करेगा।
इस बाबत अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने पहले ही कहा था कि बोइंग के स्टारलाइनर कैप्सूल के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से वापसी की सारी तैयारियां सही दिशा में हैं। पूरी तरह से स्वचालित इस कैप्सूल के छह घंटे बाद न्यू मैक्सिको के ‘व्हाइट सैंड्स मिसाइल रेंज' में आज उतरने की उम्मीद है।
बता दें कि बोइंग कंपनी ने यह स्पेस क्राफ्ट बनाया है। बीते 5 जून को इससे सुनीता और बुच को ISS पर भेजा गया था। यह सिर्फ 8 दिन का ही मिशन था। लेकिन तकनीकी दिक्कत के कारण इसकी वापसी टालनी पड़ी थी। अब यह स्पेसक्राफ्ट बिना क्रू के पृथ्वी पर वापस आ रहा है। सुनीता और बुच फिलहाल अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर ही रहेंगे। उन्हें फरवरी में स्पेसएक्स की उड़ान से वापस लाया जाएगा।
यहां पढ़ें - जबलपुर में ट्रेन हादसा, प्लेटफॉर्म से 200 मीटर पहले पटरी से उतरे सोमनाथ एक्सप्रेस के दो डिब्बे
पता हो कि यान के कैप्सूल के थ्रस्टर में समस्या और हीलियम लीक के कारण उनकी वापसी में देरी हो रही है। इधर स्टारलाइनर की लैंडिंग के बाद नासा और बोइंग की टीम इसे वापस असेंबली यूनिट में लेकर जाएगी। वहां पर उसकी जांच की जाएगी। पता किया जाएगा कि स्टारलाइन के प्रोपल्शन सिस्टम में क्यों खराबी आई। किस वजह से हीलियम लीक हुई थी। नासा के वाणिज्यिक चालक दल कार्यक्रम प्रबंधक स्टीव स्टिच ने कहा था कि , ‘‘हम स्टारलाइनर की वापसी को लेकर उत्साहित हैं।''
जानकारी हो कि बोइंग ने बीते अगस्त महिने की शुरुआत में कहा था कि अंतरिक्ष और जमीन पर ‘थ्रस्टर' के व्यापक परीक्षण से पता चला है कि स्टारलाइनर अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित वापस लाने में सक्षम है। यह बोइंग की पहली परीक्षण उड़ान थी जिसमें चालक दल सवार था। ‘स्पेस शटल' के सेवा से हटने के बाद नासा ने अंतरिक्ष यात्रियों की अंतरिक्ष स्टेशन पर आवाजाही का काम बोइंग और स्पेसएक्स को सौंपा है। ‘स्पेसएक्स' 2020 से यह काम कर और देख रहा है।