मुंबई: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की रैली पर फायरिंग हो गई है। इस फायरिंग में इमरान खान घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उनके पैर में चोट आई है। फायरिंग में जख्मी होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, इमरान खान का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है। छानबीन के बाद पाकिस्तानी पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। अब इस घटना पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इसी बीच पाकिस्तानी सिंगर-अभिनेता अली जाफर (Pakistani singer-actor Ali Jaffer) ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अली जाफर ने अपने पोस्ट में लिखा- 'मुझे शहीद मोहतरमा बेनजीर भुट्टो की हत्या के बाद के अंधेरे, हताश दिन याद हैं। ईश्वर की कृपा से इमरान खान के साथ कुछ भी गंभीर नहीं हुआ है। सोच भी नहीं सकते कि तीन-चार गोलियों की फायरिंग के बाद इमरान खान ठीक है। उनके जज्बे को सलाम है। इस ट्वीट के साथ अली जाफर ने फायरिंग के दौरान लिया हुआ एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
इस घटना पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि हम पाकिस्तान में हो रहे सभी घटनाक्रमों पर नजर रख रहे हैं। बता दें, इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) से पाकिस्तान में तत्काल चुनाव कराने की मांग कर रही है। इसी मांग को लेकर लाहौर से इस्लामाबाद तक 'हकीकि आजादी मार्च' नाम से एक भव्य मार्च निकाला गया है। मार्च 4 नवंबर को इस्लामाबाद पहुंचने वाला था। लेकिन उससे पहले भी इस मार्च के वजीराबाद के जफर अली खान चौक पर पहुंचने के बाद उस पर फायरिंग कर दी गई। इस फायरिंग में इमरान खान का पैर जख्मी हो गया है।