

शिवसेना (UBT) ने शिंदे गुट में शामिल छह सांसदों को भी व्हिप जारी किया।
सांसद अनिल देसाई के हस्ताक्षर वाला व्हिप दिल्ली में बागी सांसदों के आधिकारिक आवासों के बाहर चिपकाया गया।
शिंदे गुट भी इन छह सांसदों को अपना सदस्य मानते हुए व्हिप जारी कर चुका है।
लोकसभा सचिवालय के रिकॉर्ड में छह सांसद शिंदे गुट की शिवसेना के सदस्य के रूप में दर्ज हैं।
व्हिप की वैधता और उसके उल्लंघन पर अयोग्यता की कार्रवाई को लेकर कानूनी सवाल उठ रहे हैं।
UBT Whip To Rebel Shiv Sena MPs: संसद के विशेष सत्र से पहले शिवसेना में व्हिप को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। उद्धव ठाकरे गुट ने एकनाथ शिंदे के साथ गए छह सांसदों को भी तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। इतना ही नहीं, पार्टी की ओर से सांसद अनिल देसाई का जारी किया गया व्हिप इन सांसदों के दिल्ली स्थित आधिकारिक आवासों के बाहर भी चिपकाया गया।
दूसरी ओर, शिंदे गुट भी इन सांसदों को अपना सदस्य मानते हुए व्हिप जारी कर चुका है। ऐसे में सवाल है कि छह सांसद आखिर किस गुट का आदेश मानेंगे?
शिवसेना (UBT) ने अपने मुख्य सचेतक और सांसद अनिल देसाई के हस्ताक्षर वाला व्हिप जारी किया है। PTI के सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, पार्टी की ओर से यह व्हिप शिंदे गुट में शामिल हुए छह सांसदों के दिल्ली स्थित आधिकारिक आवासों के बाहर भी लगाया गया। इस कदम के जरिए उद्धव ठाकरे गुट ने साफ संदेश देने की कोशिश की है कि वह इन सांसदों को अब भी अपनी पार्टी का सदस्य मानता है।
इस व्हिप में सभी सांसदों को 29 नवंबर को शाम 4 बजे दिल्ली स्थित पार्टी के संसदीय कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया। बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 पर पार्टी का रुख और रणनीति तय की जानी है। बिना पूर्व अनुमति बैठक से अनुपस्थित रहने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई और संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई है।
ये छह सांसद जून 2026 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए थे। अब उद्धव ठाकरे और शिंदे गुट, दोनों ने इन्हें अपने-अपने व्हिप के दायरे में रखा है।
ओमप्रकाश राजे निंबालकर
भाऊसाहेब वाकचौरे
संजय जाधव
संजय देशमुख
संजय दीना पाटील
नागेश पाटील आष्टीकर
इस तरह परिसीमन विधेयक पर संसद के विशेष सत्र से पहले इन छह सांसदों के सामने दो अलग-अलग पार्टी निर्देश हैं।
इस पूरे विवाद का सबसे अहम पहलू कानूनी है। उद्धव ठाकरे गुट के सांसद अरविंद सावंत का कहना है कि लोकसभा अध्यक्ष ने इन छह सांसदों को सदन में अलग बैठने की अनुमति जरूर दी है, लेकिन उनके शिंदे गुट में शामिल होने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। सावंत के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं दिया है। इसी आधार पर UBT इन सांसदों पर अपना व्हिप लागू होने का दावा कर रहा है।
दूसरी ओर, लोकसभा सचिवालय के संशोधित रिकॉर्ड में इन छह सांसदों को शिंदे गुट की शिवसेना के साथ दिखाया गया है। उद्धव गुट ने सचिवालय के इस बदलाव को चुनौती दी है। यही वजह है कि व्हिप की वैधता और उसके उल्लंघन पर संभावित कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
संविधान की दसवीं अनुसूची यानी दल-बदल विरोधी कानून के तहत पार्टी के निर्देश के खिलाफ मतदान करने या सदन में मतदान से अनुपस्थित रहने पर अयोग्यता का मामला उठ सकता है। हालांकि, इस मामले में पहले यह तय होना अहम होगा कि संबंधित सांसदों के लिए किस गुट का व्हिप कानूनी रूप से बाध्यकारी है। सिर्फ UBT की ओर से व्हिप जारी कर देने से छह सांसदों की सदस्यता अपने आप खतरे में नहीं आ जाती। इस पर अंतिम निर्णय संबंधित संवैधानिक प्रक्रिया के तहत ही होगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि परिसीमन विधेयक पर संसद में मतदान के दौरान ये छह सांसद किस गुट के निर्देश का पालन करेंगे? विशेष सत्र से पहले शिवसेना के दोनों गुटों के बीच यह व्हिप विवाद महाराष्ट्र की राजनीति के साथ-साथ संसद की कार्यवाही में भी अहम हो सकता है।