Asim Munir Troll After India US Trade Deal: भारत-अमेरिका ट्रेड डील का ऐलान हो चुका है, जिससे पाकिस्तान की चिंता बढ़ गई है। इस डील के तहत अमेरिका अब भारत से आने वाले प्रोडक्ट्स पर 50 फीसदी की जगह सिर्फ 18 फीसदी टैरिफ लगाएगा। दोनों देशों के इस समझौते को लेकर पाकिस्तान में भारी हंगामा मचा हुआ है। पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर अपने सैन्य चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का जमकर मजाक उड़ा रहे हैं।
पाकिस्तानी लोग कह रहे हैं कि भारत ने पाकिस्तान की तरह अपने जमीर को बेचकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की खुशामद नहीं की, और न ही अपनी शर्तों में कोई समझौता किया। कुछ पाकिस्तानी तो यहां तक कह रहे हैं कि ट्रंप ने आसिम मुनीर के साथ “रखैल जैसा” बर्ताव किया।
एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आसिम मुनीर की रोती हुई तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "डोनाल्ड ट्रंप ने फील्ड मार्शल के साथ उस तरह का व्यवहार किया जैसा अवैध और गंदे काम करवाने वाले लोगों के साथ होता है। जब कुछ देने या लेने की बारी आती है तो कहा जाता है कि मैं अपने परिवार के फैसले का पालन करने के लिए मजबूर हूं। मुझे भूल जाओ।"
जुबैर नामक एक शख्स ने लिखा कि पाकिस्तान सरकार द्वारा ट्रंप को खुश करने की इतनी कोशिशों के बावजूद, यहां तक कि इजरायल शांति बोर्ड के लिए सेना भेजने की बात मानने के बाद भी, पाकिस्तान पर 19 फीसदी अमेरिकी टैरिफ लगा, जबकि भारत पर अब 18 फीसदी ही है।
एक अन्य यूजर ने कहा, "पिछले 6 महीनों में भारत ने यूरोपीय संघ, यूनाइटेड किंगडम, ओमान और न्यूजीलैंड के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए और अब अमेरिका के साथ टैरिफ भी 18 फीसदी करवा लिए। यह सब किसी के सामने झुके बिना और नोबेल पुरस्कार के लिए नामांकन की कोशिश किए बिना हुआ।"
यह भी पढ़ें: स्पेन में 16 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया बैन की तैयारी, एलन मस्क ने सरकार को कोसा
इसके अलावा पाकिस्तान के पूर्व पीएम और जेल में बंद इमरान खान के समर्थक और उनकी पार्टी, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई), ने शहबाज शरीफ सरकार पर हमला बोला। पीटीआई के पूर्व मंत्री हम्माद अजहर ने कहा कि आधुनिक युग में विदेश नीति दिखावे या निजी रिश्तों के बारे में नहीं है, बल्कि यह आर्थिक ताकत, टैरिफ और बाजार तक पहुंच का फायदा उठाने के बारे में है। भारत के हालिया व्यापार समझौते यह साबित करते हैं कि चापलूसी और फोटो खिंचवाना बेकार है।