नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के बाद 213 भारतीय नागरिक अब तक लापता हैं।
नेपाल की NDRRMA ने लापता भारतीयों की सूची अपनी वेबसाइट पर जारी की है।
नेपाल सरकार ने इन लोगों को मृत घोषित करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की है।
भारतीय दूतावास ने परिजनों से 2 दिसंबर 2026 तक आपत्ति और सुधार दर्ज कराने को कहा है।
213 Missing Indians in Nepal: नेपाल में अगस्त महीने में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद लापता हुए भारतीय नागरिकों को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। नेपाल प्रशासन ने ऐसे 213 भारतीयों के नाम सार्वजनिक किए हैं, जिनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। लंबे समय से इन लोगों की कोई जानकारी नहीं मिलने के कारण अब उन्हें कानूनी तौर पर मृत घोषित करने की तैयारी की जा रही है।
काठमांडू में मौजूद भारतीय दूतावास ने इसे लेकर भारतीय नागरिकों के परिवारों से संपर्क करने की अपील की है। दूतावास ने साफ किया है कि जारी नामों और दूसरी जानकारियों को अच्छी तरह जांच जरूरी है। अगर किसी व्यक्ति का नाम गलत दर्ज है, जानकारी में कोई बदलाव करना है या किसी नए व्यक्ति का नाम शामिल करवाना है, तो इसकी सूचना तय समय के भीतर दी जा सकती है।
भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि परिवारों को 2 दिसंबर 2026 तक अपनी शिकायत, सुझाव और जरूरी दस्तावेज भेजने होंगे। इसके लिए ईमेल और फोन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
परिजन अपनी बात eoikathmandufloodsupport@gmail.com पर लिखकर भेज सकते हैं। इसके अलावा +9779851316807 मोबाइल नंबर के जरिए भी दूतावास तक जानकारी पहुंचाई जा सकती है। दूतावास का कहना है कि परिवारों की ओर से मिलने वाली हर जानकारी पर ध्यान दिया जाएगा।
फिलहाल जारी किए गए नामों को अंतिम सूची नहीं माना गया है। सभी आपत्तियों और बदलावों की जांच करने के बाद नेपाल का संबंधित विभाग सूची को अंतिम रूप देगा। इसके बाद नियमानुसार लापता लोगों को मृत घोषित करने की कार्रवाई की जाएगी।
यह प्रक्रिया पूरी होने पर भारतीय दूतावास नेपाल के स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर संबंधित परिवारों को मृत्यु प्रमाणपत्र दिलाने की व्यवस्था करेगा। इस दस्तावेज की मदद से परिवार आगे की जरूरी कानूनी और सरकारी औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे।
नेपाल में 26 अगस्त को त्रिशूली और भोटेकोशी नदियों में अचानक पानी बढ़ने से भीषण बाढ़ और तेज बहाव वाली जल आपदा आई थी। इस घटना ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया था। बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई और हजारों लोग अपने परिवारों से बिछड़ गए।
NDRRMA के आंकड़ों के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा में 1,453 से अधिक मौतों की पुष्टि की जा चुकी है। वहीं, 5,000 से ज्यादा लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
लापता लोगों में अलग-अलग देशों के नागरिक शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भारतीयों की संख्या 213 है। इसके अलावा चीन के 85, अमेरिका के 69, ब्रिटेन के 32 और कनाडा के 27 लोग लापता बताए गए हैं।
सूची में सिंगापुर के 9, दक्षिण अफ्रीका के 6 और फ्रांस के 4 नागरिक भी शामिल हैं। वहीं हंगरी, बेल्जियम और कजाखस्तान के दो-दो तथा बेलारूस का एक नागरिक भी लापता है।