Lightning Robot Half Marathon Record: प्रोद्योगिकी के क्षेत्र में एक ऐसी छलांग देखने को मिली है जिसने भविष्य की संभावनाओं और मानव बनाम मशीन की बहस को फिर से गरमा दिया है। चीन के पेइचिंग में 19 अप्रैल, 2026 को आयोजित यिचुआंग हाफ मैराथन में एक मानवाकार रोबोट, जिसका नाम 'लाइटनिंग' (Lightning) है इसने अपनी अद्भुत रफ्तार से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है।
रोबोट 'लाइटनिंग' ने 21 किलोमीटर की इस दौड़ को मात्र 50 मिनट और 26 सेकंड में पूरा कर लिया। इस उपलब्धि के साथ इसने न केवल रोबोटों की श्रेणी में विश्व रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि पुरुषों की हाफ मैराथन के लिए निर्धारित इंसानी रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। विशेषज्ञों का कहना है कि जहां एक इंसान लाखों वर्षों के विकास से विकसित अपनी मांसपेशियों और फेफड़ों के दम पर दौड़ता है, वहीं 'लाइटनिंग' ने यह जीत अपनी बैटरी, मोटर और एल्गोरिदम के सटीक तालमेल से हासिल की है।
इस रोबोट की सफलता के पीछे जटिल इंजीनियरिंग छिपी है। दौड़ते समय यह हर कदम पर गणना करता है कि उसे जमीन पर कैसे उतरना है, कितना बल लगाना है और अपनी ऊर्जा का संरक्षण कैसे करना है। हालांकि, विशेषज्ञों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह उपलब्धि सुगम सड़क और अच्छे मौसम में हासिल की गई है और इसमें तकनीकी टीम का पूरा सहयोग रहा है।
भले ही 'लाइटनिंग' ने गति में इंसानों को मात दे दी हो लेकिन इस दौड़ ने एक बुनियादी सवाल खड़ा कर दिया है। मैराथन का असली सार केवल गति नहीं, बल्कि वह दृढ़ संकल्प और दर्द सहने की शक्ति है जो एक धावक फिनिश लाइन तक दिखाता है। रोबोटों को न तो खुद को चुनौती देनी होती है और न ही वे थकावट महसूस करते हैं।
यह भी पढ़ें:- इस्लामाबाद में फिर सजेगी शांति की मेज; 72 घंटों के भीतर हो सकती है अमेरिका-ईरान की दूसरी वार्ता
'लाइटनिंग' का उदय यह संकेत नहीं है कि मानव एथलेटिक्स का अंत हो गया है बल्कि यह मानव और मशीन के साथ मिलकर काम करने के एक नए अध्याय की शुरुआत है। आने वाले समय में इस तरह के उच्च-प्रदर्शन वाले रोबोटों का उपयोग आपदा राहत, खतरनाक वातावरण और सैन्य टोही जैसे कठिन क्षेत्रों में किया जा सकता है, जहां इंसानों की पहुंच चुनौतीपूर्ण होती है।